रांची, 20 दिसम्बर (आईएएनएस)। झारखंड में शुक्रवार पांचवें और अंतिम चरण के लिए 16 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान हो रहा है। मतदान शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है, और अपराह्न् एक बजे तक 49़ 01 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है।
राज्य निर्वाचन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि राज्य के संथाल परगना क्षेत्र में स्थित 16 सीटों के लिए सुबह सात बजे से मतदान शुरू हुआ। अपराह्न् एक बजे तक सबसे ज्यादा महेशपुर सीट पर 59़ 38 फीसदी मतदान दर्ज हुआ है। उन्होंने कहा कि एक बजे तक औसतन 49़ 01 फीसदी मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर चुके हैं।
उन्होंने कहा कि अभी तक कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। कई क्षेत्रों में मतदान को लेकर उत्साह का माहौल है तथा मतदान केंद्रों में महिलाओं की लंबी कतार लगी है। उन्होंने कहा कि कुछ मतदान केंद्रों पर ईवीएम खराब होने की सूचना मिली थी, जिसे तुरंत ठीक कर दिया गया। उन्होंने कहा कि मतदान को लेकर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।
इस चरण में 29 महिला उम्मीदवारों सहित कुल 237 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं, जिनकी किस्मत का फैसला 40,05,287 मतदाता करेंगे।
16 सीटों में से सात अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं, जिनमें बोरियो, बरहेट, लिट्टीपाड़ा, महेशपुर, शिकारीपाड़ा, दुमका और जामा शामिल हैं। जबकि अन्य राजमहल, पाकुड़, नाला, जामताड़ा, जरमुंडी, महगामा, पोड़ैयाहाट, सारठ और गोड्डा सामान्य श्रेणी की सीटें हैं। सबसे ज्यादा 26 उम्मीदवार जरमुंडी सीट पर हैं, जबकि पोड़ैयाहाट सीट पर केवल सात उम्मीदवार चुनावी दौड़ में हैं।
ये 16 सीटें साहेबगंज, पाकुड़, दुमका, जामताड़ा, देवघर और गोड्डा जिलों में हैं। इन सीटों के बीच पांच सीटों बोरियो, बरहेट, लिट्टीपाड़ा, महेशपुर और शिकारीपाड़ा में अपराह्न् तीन बजे तक मतदान होगा और शेष 11 सीटों पर मतदान शाम पांच बजे तक होगा।
प्रमुख उम्मीदवारों में राज्य मंत्री राज पालीवर, लुईस मरांडी और रणधीर सिंह और कांग्रेस, झामुमो और राजद के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार हेमंत सोरेन शामिल हैं, जो दुमका और बरहेट दो सीटों से चुनावी मैदान में हैं।
–आईएएनएस