Site icon UP News | Uttar Pradesh Latest News । उत्तर प्रदेश समाचार

झारखंड ने सीएए, अनुच्छेद 370 पर भाजपा के रुख को खारिज किया : कांग्रेस

नई दिल्ली, 23 दिसंबर (आईएएनएस)। झारखंड की 81 सीटों वाली विधानसभा में कांग्रेस, झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) का महागठबंधन बहुमत के जादुई आंकड़े के करीब पहुंचने पर सोमवार को कांग्रेस ने कहा कि झारखंड की जनता ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय मुद्दों को खारिज कर दिया और स्थानीय मुद्दों तथा मंहगाई पर वोट से चोट किया।

कांग्रेस महासचिव प्रणव झा ने आईएएनएस से कहा, राज्य में लोगों ने भाजपा द्वारा बनाए गए अनुच्छेद 370, नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) और राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) जैसे राष्ट्रीय मुद्दों को खारिज कर दिया और स्थानीय मुद्दों पर वोट दिया।

उन्होंने कहा कि राज्य की जनता ने स्थानीय मुद्दों, मंहगाई और युवाओं को रोजगार जैसे मुद्दों पर वोट दिया।

झा ने आगे कहा कि कांग्रेस-झामुमो-राजद का महागठबंधन अगले पांच साल राज्य की जनता की भलाई के लिए काम करेगा।

विधानसभा चुनाव में महागठबंधन के अंतर्गत कांग्रेस 31, झामुमो 43 और राजद सीटों पर आगे हैं।

चुनाव आयोग के अनुसार, महागठबंधन जहां 41 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, वहीं भाजपा 28 सीटों पर आगे चल रही है।

इसके अलावा ऑल झारखंड स्टूडेंट यूनियन (आजसू) पांच सीटों पर और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी की झारखंड विकास मोर्चा (झाविमो) चार सीटों पर आगे चल रही है।

–आईएएनएस

Exit mobile version