रांची/पाकुड़, 18 दिसंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने बुधवार को केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर विश्वविद्यालय परिसरों में पुलिस की कार्रवाई को लेकर जमकर निशाना साधा और यह भी कहा कि नया कानून आर्थिक मुद्दों से लोगों का ध्यान हटाने के लिए लाया गया है।

प्रियंका ने झारखंड के साहेबगंज जिले में पांचवें और अंतिम चरण के चुनाव प्रचार के अंतिम दिन एक रैली में कहा, अर्थव्यवस्था विफल हो गई है। नए कानूनों के जरिए असली मुद्दों से ध्यान हटाया जा रहा है। जब एनआरसी विफल हो गया, तब नागरिक संशोधन अधिनियम (सीएए) लाया गया। असम जल रहा है। जब छात्रों ने दिल्ली में सीएए के खिलाफ आवाज उठाई तो उन पर लाठीचार्ज किया गया।

प्रियंका ने कहा, प्रधानमंत्री विफल हो चुके हैं और उन्होंने यहां झारखंड की धरती से खोखले दावे किए हैं। मैं उन्हें संथाल परगना के लोगों के लिए बोलने के लिए चुनौती देती हूं। आपको (मोदी को) बेरोजगारी, भूख, दुष्कर्म, लुप्त होती नौकरियों के बारे में बोलना चाहिए।

उन्होंने लोगों से विधानसभा चुनाव में राज्य से भाजपा सरकार को बाहर करने की अपील की।

कांग्रेस महासचिव ने कहा, आप उन्हें सरकार से बाहर निकालें और उसे मौका दें जो आपके लिए काम करे। भाजपा सरकार प्रचार में सुपर हीरो है और काम में जीरो है।

उन्होंने कहा, राज्य में सत्ता में आई भाजपा सरकार ने आपकी आत्मा पर हमला किया है। वे आपकी संस्कृति को नष्ट कर रहे हैं। उन्होंने आपकी संस्कृति की रक्षा के लिए बने कानूनों को तोड़ने का प्रयास किया है।

प्रियंका ने आरोप लगाया कि सरकार ने केवल अमीरों के कर्ज माफ किए हैं, जबकि देश में किसान आत्महत्या कर रहे हैं।

इस दौरान प्रियंका ने धान के एमएसपी को मौजूदा 1300 रुपये से बढ़ाकर 2500 रुपये करने का वादा भी किया।

उन्होंने कहा कि संघर्ष करना कांग्रेस की आत्मा है, संस्कृति की रक्षा करना कांग्रेस के कण-कण में है।

प्रियंका ने बरहड़वा में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि जब से भाजपा की सरकार आपके प्रदेश में आई है, तब से आपकी आत्मा पर हमला किया गया है। जो कानून आपकी संस्कृति को बचाने के लिए बनाए गए, उन कानूनों को हटाने की भाजपा ने पूरी कोशिश की। याद कीजिए, इंदिरा गांधी हमेशा जल जंगल जमीन पर आदिवासियों के अधिकार बचाने में लगी रहीं।

प्रियंका ने उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में जमीन के लिए आदिवासी भाई-बहनों की निर्मम हत्या का जिक्र किया और कहा कि वहां भाजपा की सरकार है। आदिवासियों पर लगातार जुल्म हो रहा है।

उन्होंने कहा, आज महिलाओं के साथ दुष्कर्म की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। उत्तर प्रदेश में एक विधायक पर दुष्कर्म का आरोप लगा और उसे बचाने में भाजपा लगी रही। जब लोगों और कोर्ट का दबाव बढ़ा, तब कार्रवाई हुई। आज झारखंड में भी ऐसे ही आरोपी एक प्रत्याशी के मंच पर प्रधानमंत्री आते हैं और भाजपा के लिए वोट मांगते हैं।

उन्होंने कहा, बहुत अफसोस के साथ कह रही हूं कि प्रधानमंत्री सच नहीं बोलते हैं और असफल छात्र की तरह केवल बहाने बनाते हैं। आज जब अर्थव्यवस्था बर्बाद हो रही है तो सरकार नए-नए कानून लाकर लोगों का ध्यान बांट रही है। असम में एनआरसी और नागरिकता कानून का विरोध कर रहे लोगों पर गोलियां चलाई गईं। एक नाबालिग सहित पांच लोग मारे गए।

कांग्रेस नेता ने कहा, मैं प्रधानमंत्री को चुनौती देती हूं कि वह सीएनटी एसपीटी पर बोलें, दुष्कर्म पर बोलें, गायब रोजगार पर बोलें। आखिर भाजपा सरकार ने पांच साल में कैसी सरकार दी है, आप जानते हैं।

कांग्रेस को गरीबों की चिंता करने वाली पार्टी बताते हुए प्रियंका ने कहा, छत्तीसगढ़ में पिछड़ों को 27 फीसद आरक्षण मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि पाकुड़ में 150 रुपये किलो प्याज मिल रही है। भाजपा सरकार के शासन में गरीबों से पैसा छीनकर अमीरों को दिया जा रहा है। इन्होंने मनरेगा को बंद कर दिया। बच्चों के चार हजार स्कूल बंद कर दिए। पारा शिक्षकों के आंदोलन को कुचला गया। आंगनवाड़ी सेविका-सहायिका से ज्यादती की गई। आज हालत ये हो गई है कि रेलवे, एयरपोर्ट तक बेचना पड़ रहा है।

–आईएएनएस