Site icon UP News | Uttar Pradesh Latest News । उत्तर प्रदेश समाचार

सीएए के खिलाफ कांग्रेस का राजघाट पर सत्याग्रह

नई दिल्ली, 23 दिसम्बर (आईएएनएस)। कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी सहित शीर्ष कांग्रेस नेतृत्व ने सोमवार को नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) के खिलाफ राजघाट के महात्मा गांधी समाधि स्थल के पास सत्याग्रह किया। उनके साथ सैकड़ों पार्टी समर्थक भी विरोध पर बैठे थे।

प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ मौजूद वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं में गुलाम नबी आजाद, अहमद पटेल, मल्लिकार्जुन खड़गे, आनंद शर्मा और ए.के.एंटनी शामिल थे। इससे पहले बीते सप्ताह प्रियंका गांधी इंडिया गेट पर मौजूद रही थीं और उन्होंने उत्तर प्रदेश के बिजनौर में पीड़ितों के परिजनों से मुलाकात की थी।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के अलावा महासचिव मुकुल वासनिक, के.सी.वेणुगोपाल भी सीएए को लेकर विरोध प्रदर्शन के लिए ऐतिहासिक स्थल पर पहुंचे थे।

सोनिया गांधी, मनमोहन सिंह और राहुल गांधी ने छात्रों व युवाओं के साथ एकजुटता दिखाते हुए सत्याग्रह आंदोलन शुरू करने से पहले संविधान की प्रस्तावना को पढ़ा। छात्र व युवक, नागरिकता संशोधन विधेयक के 13 दिसंबर को पारित होने के बाद से देश भर में नए कानून को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं।

–आईएएनएस

Exit mobile version