Site icon UP News | Uttar Pradesh Latest News । उत्तर प्रदेश समाचार

उप्र : जुमे की नमाज के बाद कई शहरों में बवाल

लखनऊ, 20 दिसम्बर (आईएएनएस)। नागरिकता (संशोधन) कानून को लेकर शुक्रवार को कई जिलों में बवाल हो गया है। पुलिस की तमाम सक्रियता के बावजूद फिरोजाबाद, मुजफ्फरनगर, मेरठ, गोरखपुर में भीड़ ने माहौल खराब किया। यहां पर लोगों ने पुलिस पर पथराव किए। पुलिस ने हालात को नियंत्रित करने के लिए लाठी चार्ज किया। फिलहाल, सभी जगह हालात नियंत्रण में है, लेकिन माहौल तनावपूर्ण है।

फिरोजाबाद में नमाज के बाद लौट रहे लोगों ने पुलिस चौकी में आग लगा दी व कई वाहनों में तोड़फोड़ की। इसके बाद पुलिस ने उन पर लाठी चार्ज किया और फिर भीड़ ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया, बचाव में पुलिस को आंसू गैस के गोले दागने पड़े।

इसके अलावा शहर के रसूलपुर क्षेत्र में भी लोगों ने माहौल खराब करने का प्रयास किया। मेरठ कोतवाली के सामने लोगों ने तोड़फोड़ की। भीड़ को खदेड़ने के लिए पुलिस को लाठी चार्ज करना पड़ा।

मुजफ्फरनगर जिले में भी लोगों ने प्रदर्शन किए। बिजनौर में एक जगह एकत्रित होकर लोगों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। गोरखपुर में भी लोगों ने माहौल खराब करने का प्रयास किया। पुलिस पर पत्थर बरसाए, पुलिस ने भीड़ खदेड़ने के लिए लाठी चार्ज किया।

लखनऊ में माहौल फिलहाल शांत है। पुलिस, प्रशासन यहां पर अलर्ट है। पुलिस महानिदेशक ओपी सिंह ने अधिकारियों के साथ पैदल गश्त किया। यहां पर पुलिस आरएएफ और पीएसी को हर स्थिति से निपटने के लिए भारी संख्या में तैनात किया गया है।

–आईएएनएस

Exit mobile version