Site icon UP News | Uttar Pradesh Latest News । उत्तर प्रदेश समाचार

फरार पूर्व मंत्री कार्तिक कुमार सिंह खुलेआम कर रहे अनंत सिंह की बीवी का प्रचार, पुलिस के हाथ खाली!

बिहार के पूर्व मंत्री कार्तिक कुमार उर्फ कार्तिकेय सिंह के खिलाफ अपहरण केस में फरार हैं। पटना पुलिस को उनकी तलाश है। दूसरी ओर कार्तिक कुमार खुलेआम घूमते हुए नजर आ रहे हैं। हाल ही में उनकी कुछ तस्वीरें सामने आईं जिनमें वो दशहरा पर लोगों से मुलाकात करते हुए नजर आ रहे हैं। मोकामा उपचुनाव में आरजेडी उम्मीदवार और बाहुबली नेता अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी के प्रचार में भी कार्तिक कुमार नजर आए।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हाल ही में नीलम सिंह के काफिले में कार्तिक कुमार को देखा गया। बताया जा रहा है कि वे उपचुनाव में अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी के समर्थन में प्रचार भी कर रहे हैं। उनकी नीलम के साथ एक तस्वीर भी वायरल हो रही है। हालांकि पुलिस का कहना है कि कार्तिक कुमार सिंह की जमानत याचिका पर अगले हफ्ते सुनवाई होनी है। अगर उन्हें जमानत नहीं मिलती है, तो कोर्ट से गैर जमानती वारंट जारी होगा, इसके तुरंत बाद पुलिस उन्हें गिरफ्तार कर लेगी।

विवाद के बाद गंवाना पड़ा था मंत्री पद

बिहार में सत्ता परिवर्तन के बाद कार्तिक कुमार सिंह को नीतीश कैबिनेट में कानून मंत्री बनाया गया था। अपहरण केस में उनके खिलाफ वारंट निकला हुआ था, इसके बावजूद उन्होंने मंत्री पद की शपथ ली। इस पर विवाद होने के बाद उन्होंने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। पिछले महीने पटना पुलिस ने कार्तिक कुमार सिंह के पटना और मोकामा स्थित ठिकानों पर छापेमारी की थी। मगर वे नहीं मिले। पुलिस ने कोर्ट में वारंट का प्रतिवेदन वापस कर दिया और कहा कि कार्तिक फरार हैं। 

Exit mobile version