उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी के तिकुनिया में रविवार को हुए बवाल के बाद घमासान मचा है। बुधवार को किसान गुरविंदर का दोबारा पोस्टमार्टम हुआ और फिर अंतिम संस्कार कर दिया गया है। वहीं केंद्रीय मंत्री अजय मिश्र दिल्ली पहुंच गए हैं। योगी सरकार ने राहुल-प्रियंका को तीन अन्य लोगों के साथ लखीमपुर खीरी जाने के अनुमति दे दी है। 

इससे पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी लखीमपुर खीरी हिंसा में जान गंवाने वाले किसानों के परिवारों से मिलने के लिए हवाई मार्ग से उत्तर प्रदेश के लखनऊ के लिए रवाना हुए, इस दौरान  छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा था कि धारा 144 में 5 से अधिक लोग इकट्ठे नहीं हो सकते। उससे कम लोग जा सकते हैं। कल भी मुझे गलत तरीके से रोका गया था। हम लोग पीड़ित परिवार तक पहुंचने का प्रयास करेंगे। आखिर ऐसी क्या बात है जिसे राज्य सरकार छुपाना चाहती है? ऐसा क्या है जिससे किसी को बचाना चाहती है?

उत्तर प्रदेश सरकार ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को लखीमपुर जाने की इजाजत दे दी है। उनके साथ तीन अन्य लोग भी लखीमपुर खीरी जा सकते हैं। यूपी सरकार के गृह विभाग ने इसकी पुष्टि की है। राहुल गांधी पीड़ित परिवारों से मुलाकात करेंगे।