उत्तर प्रदेश में तीसरे दिन भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत शामली जिले के एलाम गांव से हुई। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के मद्देनजर आज  पानीपत-खटीमा हाईवे और कांधला-कैराना मार्ग बंद हैं। भारत जोड़ो यात्रा पानीपत जिले में प्रवेश करने के बाद हाईवे को खोला जाएगा।

सभी वर्गों को जोड़ने के लिए निकाली जा रही यात्रा

ऊंचागांव में पत्रकारों से बात करते हुए जयराम रमेश ने कहा कि यह मन की बात यात्रा नहीं है। किसी तरह की भाषणबाजी या चुनाव के लिए यह यात्रा नहीं निकाली जा रही है। समाज के सभी वर्गों को जोड़ने के लिए यात्रा निकाली जा रही है। भाजपा के शासन में अराजकता फैली है। इस यात्रा से यह संकेत मिल रहे हैं कि देश का युवा चाहते हैं कि कांग्रेस की सरकार फिर से आए। भाजपा और आरएसएस टुकड़े-टुकड़े करके देश बेच रहे हैं। इन्होंने भाषा, धर्म के नाम पर देश के टुकड़े कर दिए हैं। देश को संवैधानिक संस्थाओं को मजबूत करके ही बचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि पहले हम चुनाव में व्यस्त थे, यह यात्रा हमें काफी पहले निकालनी चाहिए थी। भाजपा की फैलाई नफरत के खिलाफ इस लड़ाई को जीतने में हमें 5, 10, 15 साल लग सकते हैं, लेकिन हम जरूर जीतेंगे।

विचारधारा की जंग लड़ रही कांग्रेस: जयराम रमेश

भारत जोड़ो यात्रा के 111वें दिन प्रेस वार्ता में पूर्व केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश ने कहा कि देश आर्थिक विषमता से जूझ रहा है। भाजपा और आरएसएस मिलकर सामाजिक ध्रुवीकरण कर रहे हैं। कांग्रेस की ये भारत जोड़ो यात्रा मोदी की राजनीतिक तानाशाही के खिलाफ है। कांग्रेस विचारधारा की जंग लड़ रही है।

ऊंचागांव में तैयार किया जा रहा भोजन, ये है मैन्यू

ऊंचा गांव में बनाया गया वीआईपी कैंपस ऊंचागांव में बनाए गए वीआईपी कैंपस में करीब चार ट्रकों में खाना बनाने का सामान लाया गया है। राजस्थान के अजमेर के कस्बा बिहावर निवासी हलवाई महेंद्र ने बताया कि भारत जोड़ो यात्रा में खाना बनाने के लिए उनकी दो यूनिट कार्य कर रही हैं। मोतीचूर का खुला लड्डू, दाल, हरी सब्जी, चपाती, पूरी व अन्य नमकीन सामग्री तैयार की जा रही है। राजस्थान से करीब 90 हलवाई की एक यूनिट ऊंचागांव में खाना बनाने के लिए ऊंचागांव में पहुंचकर जुटी हैं। हलवाई महेंद्र ने बताया कि वीआईपी व कर्मचारियों के लिए एक ही तरह के खाने की व्यवस्था की गई हैं।

राहुल के कैंपस के लिए ग्रामीण ने फ्री में दी पांच बीघा जमीन

ऊंचागांव में राहुल के कैंपस के लिए ग्रामीण ने फ्री में जमीन दी है। ऊंचागांव निवासी किसान रामचंद्र सिंह ने बताया कि उनके द्वारा सड़क किनारे करीब पांच बीघा भूमि पर राहुल गांधी का वीआईपी कैंप बनाने के लिए फ्री में दी हैं। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपनी जमीन का किराया नहीं लिया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा लेकर उनके गांव पहुंचे हैं। उन्हें बेहद खुशी हो रही है।  

राहुल गांधी के परिवार से हैं पुराने संबंध

जाहिद हसन के परिवार के साथ राहुल गांधी – जिड़ाना गांव में राहुल गांधी ने जाहिद हसन के परिवार के साथ मुलाकात की। जाहिद हसन ने बताया कि राहुल गांधी ने परिवार के साथ 30 मिनट का समय गुजारा और कुशल क्षेम पूछा। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी को हमनें अपनी कुछ समस्याएं बताईं। बताया कि राहुल गांधी के परिवार से पुराने संबंध हैं। दिल्ली में कई बार उनसे मुलाकात हुई थी, लेकिन गांव में राहुल गांधी पहली बार ही आए हैं

फूलों की 35 फुट लंबी माला बनवाई

शामली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के स्वागत के लिए फूलों की 35 फुट लंबी माला तैयार कराई। जो लोगों के आकर्षण का केंद्र रही। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष दीपक सैनी ने बताया की राहुल गांधी 3500 किलोमीटर की यात्रा कर रहे हैं, जिसके उपलक्ष्य में 35 फुट की माला तैयार की गई है। 

राहुल गांधी शामली पहुंचने पर अचानक जिड़ाना गांव के एक घर में रुके। परिवार से मुलाकात की। बताया गया कि गांव में जाहिद हसन के परिवार से राहुल गांधी ने मुलाकात की और परिवार का  हाल-चाल जाना।

राहुल गांधी को देखने उमड़ी भीड़, इंतजार करते रह गए रालोद विधायक प्रसन्न चौधरी

भारत जोड़ो यात्रा – राहुल गांधी की यात्रा को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साहनजर आ रहा है। कांधला के लोग सड़क पर राहुल गांधी की झलक देखने को बेताब दिखाई दिए।
हालांकि कांधला में चौधरी चरण सिंह प्रतिमा के पास से गुजरे राहुल गांधी। रालोद विधायक प्रसन्न चौधरी और अशरफ अली खान उनका इंतजार करते रह गए।

छह जनवरी को हरियाणा में प्रवेश करेगी भारत जोड़ो यात्रा

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने कहा, छह जनवरी को ‘भारत जोड़ो यात्रा’ हरियाणा में प्रवेश करेगी जहां यह 10 जनवरी तक रहेगी। इसके बाद यह यात्रा 11 जनवरी को पंजाब में प्रवेश करेगी तथा एक दिन के लिए 19 जनवरी को हिमाचल प्रदेश से भी गुजरेगी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और यात्रा में उनकी ‘सुरक्षा में चूक’ के विषय पर कांग्रेस ने गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखा था जिसका जवाब एक अधिकारी ने दिया जो उचित नहीं है। 
 

आज पानीपत-खटीमा हाईवे और कांधला-कैराना मार्ग बंद

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के मद्देनजर आज पानीपत-खटीमा हाईवे और कांधला-कैराना मार्ग बंद हैं। भारत जोड़ो यात्रा पानीपत जिले में प्रवेश करने के बाद हाईवे को खोला जाएगा।

Bharat Jodo Yatra : शामली के ऊंचा गांव पहुंची यात्रा, VIP कैंपस में विश्राम के लिए रुके राहुल गांधी

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने पार्टी नेताओं के साथ भारत जोड़ो यात्रा की आज की शुरुआत शामली जिले के ऐलम गांव से की। राहुल गांधी ने करीब पांच बजे एलम से यात्रा शुरू की। राहुल गांधी कांधला होते हुए कैराना के ऊंचागांव पहुंचेंगे। यहां आराम और लंच के बाद यात्रा पानीपत के लिए रवाना होगी।