यूपी के गाजियाबाद जिले में कथित तौर पर गोकशी में लिप्त नईम कुरैशी नाम के शख्स को भाजपा में अल्पसंख्यक मोर्चा का महानगर मंत्री बना दिया गया। भाजपा के विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई। इसके बाद नईम कुरैशी को पदमुक्त कर दिया गया है। भाजपा नेताओं से जुड़ा मामला होने की वजह से पुलिस अफसर चुप्पी साधे हुए हैं।

वीडियो देखने के बाद विधायक ने जताई थी आपत्ति
भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के गाजियाबाद जिलाध्यक्ष डॉ. सौलत पाशा ने 18 सितंबर को जिला कार्यकारिणी घोषित की थी। उन्होंने नईम कुरैशी को महानगर मंत्री मनोनीत किया था। इसके बाद भाजपा के लोनी विधानसभा क्षेत्र से विधायक नंदकिशोर गुर्जर को पता चला कि नईम गोकशी के मामलों में लिप्त रहा है। उसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल है तो उन्होंने नईम को महानगर मंत्री बनाए जाने का विरोध किया। वायरल हो रहा वीडियो 17 सेकेंड का है, जिसमें जमीन पर कुछ पशु कटे दिख रहे हैं, जिन्हें गाय बताया जा रहा है और इनके पास ही नईम खड़ा है।

नईम कुरैशी के मनोयन पर भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने जिलाध्यक्ष को पत्र भेजकर उसको गोकशी में लिप्त होना बताया था।

विधायक बोले- मुकदमा भी होना चाहिए
21 सितंबर को भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष को चिट्ठी लिखी। विधायक ने इसमें बताया कि लोनी से नईम नामक व्यक्ति को अल्पसंख्यक मोर्चा में जिला मंत्री पद का दायित्व दिया गया है। जिसकी गाय व अन्य पशु काटते हुए घोर आपत्तिजनक वीडियो वायरल हुई है। यह कृत्य बर्दाश्त योग्य नहीं है, क्योंकि गौमाता हमारे लिए पूज्यनीय एवं आस्था का विषय हैं। विधायक ने उक्त व्यक्ति को पद और पार्टी से निकालकर मुकदमा दर्ज कराने के लिए जिलाध्यक्ष से कहा। ऐसा न करने की स्थिति में विधायक ने प्रदेश अध्यक्ष से वार्ता करने की बात कही।

22 सितंबर को भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष ने पत्र जारी करके नईम कुरैशी को पदमुक्त करने की जानकारी दी।

जिलाध्यक्ष ने कहा- विवादित नाम होने पर हटाया
विधायक के पत्र का संज्ञान लेते हुए भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष डॉ. सौलत पाशा ने 22 सितंबर को नईम कुरैशी को जिला मंत्री पद से हटा दिया है। इसके साथ सोशल मीडिया प्रभारी उस्मान खान को भी हटाया गया। जिलाध्यक्ष ने इस बारे में ‘दैनिक भास्कर’ को बताया कि नईम कुरैशी के विषय में शिकायत आई थी। हालांकि, नईम पर कोई मुकदमा दर्ज नहीं कराया गया है। नईम के भाई पर मुकदमा होने की जानकारी मिली है। फिर भी नईम विवादित नाम था, इसलिए उसको पद से हटाया है। वायरल वीडियो में कुछ चीजें स्पष्ट नहीं हैं। जबकि उस्मान खान ने अन्य कारणों से अपना इस्तीफा खुद दिया था।

18 सितंबर को घोषित जिला कार्यकारणी में नईम को भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चे का जिला मंत्री बनाया गया था। (लाल घेरे में)

नईम बोला- भैंस को गाय बताकर गलत वीडियो वायरल
उधर, पूरे प्रकरण के बारे में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के महानगर मंत्री पद से हटाए गए नईम कुरैशी का कहना है कि यह वीडियो बकरीद वाले दिन की है। उस दिन भैंस की कुर्बानी दी गई थी। कुर्बानी के 7 हिस्से बांटे जा रहे थे। उसी दौरान यह वीडियो बनाई गई थी, जो गोकशी बताकर गलत तरीके से वायरल की जा रही है। नईम का कहना है कि मुझ पर एक भी मुकदमा दर्ज नहीं है।