ताजनगरी  आगरा में छत्रपति शिवाजी के सेनापति के 14वें वंशजों ने गरुड़ उड़ान यात्रा प्रारंभ की। यात्रा का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने किया। इस यात्रा में एक हजार धावक, 100 साइकिल सवार और 4 घुड़सवार शामिल हैं। 1253 किलोमीटर लंबी यात्रा आगरा से शुरू होकर 13 दिन बाद राजगढ़ पहुंचेगी। आगरा किला के सामने शिवाजी महाराज प्रतिमा स्थल बिजली घर से इस यात्रा के शुभारंभ से पहले शिवाजी महाराज की युद्ध कला का प्रदर्शन भी किया गया। 

युद्ध कला प्रदर्शन ने जीत लिया दिल 

महाराष्ट्र से आए दल के अद्भुत युद्ध कला प्रदर्शन ने सभी का दिल जीत लिया। लोगों ने उनकी तलवारबाजी और भाले के प्रदर्शन की जमकर प्रशंसा की।  इस दौरान छत्रपति शिवाजी महाराज को स्मरण करते हुए नमन किया गया। 

99 दिन औरंगजैब ने शिवाजी को रखा था कैद  

बता दें इससे पूर्व शिवाजी के सेनापति के 14वें वंशज मारुति गोले आगरा के कोठी मीना बाजार मैदान में पहुंचे, जहां 99 दिन औरंगजेब ने शिवाजी को कैद रखा था। अपने पूर्वजों के स्थान को देखकर वे भाव विभोर हो गए। उन्होंने पूरी कोठी का अवलोकन किया। 

बनेगा भव्य पर्यटन स्थल

कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने बताया कि मीना बाजार मैदान की जिस कोठी में शिवाजी को रखा गया था, वहां भव्य पर्यटन स्थल बनेगा। सरकार के प्रयास से यहां 100 फीट ऊंचे टीले पर 100 फीट उंची प्रतिमा लगेगी। पर्यटन स्थल से भावी पीढ़ियां शिवाजी का इतिहास जानेंगी। साथ ही रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे।