Site icon UP News | Uttar Pradesh Latest News । उत्तर प्रदेश समाचार

आगरा में ‘आधी आबादी’ पर आफत: एक दिन में दुष्कर्म के तीन मामले, 72 साल की वृद्धा के साथ भी हुई वारदात

आगरा में मंगलवार को महिलाओं से दुष्कर्म के तीन मामले सामने आए। जगदीशपुरा में 72 साल की महिला से 52 साल के व्यक्ति ने दुष्कर्म किया। ताजगंज में कबाड़ गोदाम में ठेकेदार ने महिला से दुष्कर्म किया। वहीं दो साल पहले अगवा महिला घर वापस आ गई। उसने एक युवक पर बहला-फुसलाकर अगवा कर दुष्कर्म का आरोप लगाया। पुलिस ने तीनों मामले में आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेजा है।

72 साल की महिला से दुष्कर्म
पीड़ित वृद्धा सिकंदरा क्षेत्र की रहने वाली हैं। 14 नवंबर को वह किसी काम से बोदला आई थीं। बोदला चौराहे पर आरोपी विकास शर्मा मिला। उनसे बहाने से बात की। इसके बाद कहा कि कहां जाना है। महिला ने कहा कि वो काम से आई हैं। इस पर वो उनसे बात करने लगा। 

पीड़ित वृद्धा के मुताबिक, आरोपी ने कहा कि वह एक शादी समारोह में जा रहा है। वहां पर हलवाई को पूड़ी बेलने के लिए महिलाओं की आवश्यकता है। वह उसे भी काम दिला देगा। इससे उसे कुछ रुपये मिल जाएंगे। वह उसके साथ चली गईं।
शिव विहार कालोनी में हुई वारदात
आरोपी महिला को अपने बिचपुरी मार्ग स्थित शिव विहार कालोनी में अपने मकान पर ले आया। महिला ने अपने घर जाने की कोशिश की, लेकिन उसने बंधक बना लिया। इसके बाद दुष्कर्म किया। वह नशे में भी था। वह बेसुध होकर सो गया। 

सोमवार सुबह महिला घर से बाहर आ गईं। गली में आकर गिर पड़ीं। उन्हें देखकर लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने महिला को अस्पताल मे भर्ती कराया। उधर, वृद्धा के परिवार के लोग भी तलाशते हुए आ गए। होश में आने पर महिला ने घटना की जानकारी दी।

सीओ लोहामंडी सौरभ सिंह ने बताया कि आरोपी विकास के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। महिला का मेडिकल कराया जाएगा। कोर्ट में बयान दर्ज कराए जाएंगे। आरोपी की उम्र 52 साल है। उसके तीन बच्चे हैं। इनमें से दो शादीशुदा है। उनकी पत्नी गांव में रहती है।
 
कबाड़ गोदाम में ठेकेदार ने महिला से किया दुष्कर्म
थाना ताजगंज क्षेत्र में कबाड़ गोदाम में काम करने वाली महिला से ठेकेदार युवक ने दुष्कर्म किया। पीड़िता के भाई की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

थाना में दर्ज मुकदमे के मुताबिक, महिला प्लास्टिक गोदाम में करती थी। यहां पर बल्देव नगर निवासी अजय राठौर भी ठेकेदारी का काम करता था। 11 नवंबर की शाम को पांच बजे पीड़िता गोदाम में अकेली थी। तभी अजय ने उसे पकड़ लिया। उनके साथ दुष्कर्म किया। 

पीड़िता के शिकायत करने पर धमकाया। महिला ने घर पहुंचने पर घटना की जानकारी पति और अन्य परिजनों को दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। इसके बाद आरोपी अजय को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।
दो साल बाद महिला बरामद, आरोपी गिरफ्तार
थाना ताजगंज क्षेत्र से दो साल पहले लापता महिला वापस आ गई। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने महिला के बयान दर्ज किए। इसमें उसने एक युवक पर अपहरण कर मुंबई ले जाने का आरोप लगाया। दुष्कर्म की भी बात कही। इस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया।

थाना ताजगंज के प्रभारी निरीक्षक ओम हरि बाजपेयी ने बताया कि आरोपी आकाश निवासी रोशन नगर है। महिला दो साल पहले लापता हो गई थी। इस पर महिला के पति ने मुकदमा दर्ज कराया। इसमें आकाश को नामजद किया। कुछ दिन बाद आकाश घर वापस आ गया। मगर, महिला का पता नहीं चला। महिला की बरामदगी न होने के कारण उस पर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।

 कुछ दिन पहले महिला घर आ गई। इस पर पति उसे घर ले आया। उसने बताया कि उसे आकाश बहलाफुसलाकर अगवा कर ले गया था। उसे मुंबई में रखे हुए था। उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने उसके बयान दर्ज करने के बाद मेडिकल कराया। वहीं मुकदमा भी दर्ज कर लिया गया। आरोपी आकाश को जेल भेज दिया।

Exit mobile version