मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती शनिवार शाम पांचालघाट स्थित नारायण आश्रम पहुंचीं। उन्होंने कहा कि 2017 के विधानसभा चुनाव में जो हालत कांग्रेस की हुई, वही अब सपा व बसपा की होगी। यह तीनों पार्टियां अपनी करतूतों की सजा पाएंगी। 

मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती गंगा कलश यात्रा लेकर पांचालघाट पहुंचीं। उन्होंने कहा कि वह राजनीति बहुत कर चुकी हैं। अब वह मां गंगा की सेवा ही करना चाहती हैं। इसी लिए सभी के साथ गंगा कलश लेकर यात्रा पर निकली हैं। सवाल किया गया कि कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी ने महिलाओं को 40 प्रतिशत टिकट देने की घोषणा की है।

इस पर पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि टिकट देने से कोई फर्क नहीं पड़ता, जीत तो वोट से होती है। उमा ने कहा कि जनता ने भाजपा पर विश्वास किया है। 2017 के विधान सभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में जो हालत कांग्रेस की हो चुकी है, वही हालत अब सपा व बसपा की भी होनी है।

यह तीनों पार्टियां अपनी करतूतों की सजा पाएंगी। कांग्रेस को लंबा मौका मिला। बसपा और सपा को भी पूर्ण बहुमत मिला था, लेकिन सत्ता का दुरुपयोग किया गया। धन उगाही व अपराधों का बोलबाला रहा। कांग्रेस में तो दोनों पार्टियों के दुर्गुण शामिल हैं।
इसीलिए कांग्रेस नष्ट हुई। उत्तर प्रदेश में पहले से ज्यादा सीटें भाजपा लेगी। भारतीय जनता पार्टी भारत का भविष्य है। मोदी सबसे लोकप्रिय नेता हैं। उमा ने सांसद मुकेश राजपूत, विधायक नागेंद्र सिंह राठौर, मेजर सुनील दत्त द्विवेदी आदि के साथ गंगा आरती की।

उन्होंने गंगा पूजन के साथ दीपदान भी किया। कुछ देर गंगा तट पर विश्राम करने के बाद वह पीडब्ल्यूडी गेस्ट चली गईं। विधायक सुशील शाक्य, अनीता द्विवेदी, संजीव गुप्ता, रवि मिश्रा, राहुल राजपूत, अंकुर मिश्रा, रानू दीक्षित आदि आरती में मौजूद रहे। पूजन व आरती आचार्य प्रदीप नरायण शुक्ल ने कराई।