सऊदी अरब की हुकूमत ने हजयात्रा 2022 के लिए हर देश का कोटा तय कर दिया है। इस बार दुनियाभर से दस लाख आजमीन हज के पाक सफर जा सकेंगे। इसमें हिंदुस्तान के 79,237 आजमीन होंगे। इस हिसाब से इस बार हर बारहवां हजयात्री हिंदुस्तानी होगा। जल्द ही हज कमेटी इंडिया हर प्रदेश का कोटा तय कर देगी।

कोरोना संक्रमण के चलते पिछले दो वर्षों से सऊदी अरब की हुकूमत ने दूसरे मुल्कों को हजयात्रा की अनुमति नहीं दी थी। वर्ष 2020 और 2021 में सिर्फ सऊदी अरब के स्थानीय लोग ही हजयात्रा में शामिल हुए। दो साल की पाबंदी के बाद हजयात्रा 2022 के लिए सऊदी हुकूमत ने दूसरे मुल्कों को भी हरी झंडी दे दी है। इसके लिए यात्रियों की संख्या तय कर दी है। कोरोना संक्रमण के खतरे के मद्देनजर हजयात्रियों की संख्या में कटौती कर दी गई है।

दुनियाभर से दस लाख आजमीन ही हजयात्रा कर सकेंगे। ये संख्या पिछले दस वर्षों में सबसे कम है। अब दस लाख हजयात्रियों में हर देश का कोटा भी तय कर दिया गया है। हिंदुस्तान को 79,237 हजयात्रियों का कोटा मिला है। देशभर से 79,237 आजमीन ही हजयात्रा पर जा सकेंगे। जो वर्ष 2019 के कोटे की तुलना में 36 फीसदी की कमी है। 2019 में हिंदुस्तान का कोटा 1,25,025 था।