Site icon UP News | Uttar Pradesh Latest News । उत्तर प्रदेश समाचार

कानपुर के बाद अब लखनऊ में जीका की दस्तक, दो मरीजों में मिला वायरस

कोरोना-डेंगू के बाद अब जीका वायरस ने लखनऊ में दस्तक दी है। अलग-अलग इलाकों में दो लोगों में जीका की पुष्टि हुई है। इससे स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रात में ही प्रभावित क्षेत्रों में जांच का काम शुरू करा दिया। नगर निगम ने सूचना मिलते ही इलाकों में फागिंग कराई। डिप्टी सीएमओ डॉ. केपी त्रिपाठी ने बताया कि हुसैनगंज के फूलबाग निवासी एक पुरुष में जीका वायरस की पुष्टि हुई है। बुखार के बाद मरीज की जांच कराई गई थी। इसी तरह कृष्णानगर निवासी 24 वर्षीय महिला को भी जीका वायरस ने चपेट में लिया है। ये दोनों ही कृष्णा नगर के कॉमन विला में अलग-अलग काम कर रहे थे। वहां से एहतियात के तौर पर चार लोगों के नमूने लेकर केजीएमयू भेजे गए थे। दोनों मरीजों की तबीयत स्थिर व सामान्य है। फूलबाग का मरीज रिपोर्ट प्राप्त होने से पूर्व ही अंबेडकर नगर चला गया था। इसके लिए अंबेडकरनगर के जिला सर्विलांस अधिकारी को पूरी रिपोर्ट से अवगत करा दिया गया है। मरीज को आइसोलेट करने के लिए भी कहा गया है।

रात में ही जांच व कान्ट्रेक्ट ट्रेसिंग

डॉ. त्रिपाठी ने बताया कि मरीजों में जीका की पुष्टि के बाद तुरंत राहत कार्य शुरू करा दिया गया है। रात में मरीज के घर व उसके आस-पास के लोगों की कान्ट्रेक्ट ट्रेसिंग कराई गई। राहत की बात यह है कि मरीज के आस- पड़ोस के लोगों में बुखार की पुष्टि नहीं हुई है। मरीज के परिवार के चार सदस्यों के खून के नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए हैं।

संक्रमितों के संपर्क क्षेत्र में पहले 400 मीटर तक की परिधि में नमूने लिए जाएंगे। इनमें किसी में संक्रमण की पुष्टि होने पर फिर एक किलोमीटर तक के क्षेत्र में नमूने लिए जाएंगे। उनमें किसी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई तो तीन किलोमीटर तक की परिधि में नमूने लिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि दोनों संक्रमितों के क्षेत्र में एंटी लार्वा छिड़काव समेत अन्य जरूरी कदम उठाए गए हैं। नगर स्वास्थ्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर फागिंग कराने में जुट गए हैं। दोनों प्रभावित क्षेत्र में देर रात तक फागिंग व कान्ट्रेक्ट ट्रेसिंग की गई। अधिकारियों ने बताया कि दोनों मरीजों की कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं मिली है।

कानपुर-कन्नौज के बाद लखनऊ में मिले मरीज

कानपुर, कन्नौज के बाद लखनऊ में जीका वायरस की पुष्टि के बाद सर्तकता बढ़ा दी गई है। आने-जाने वालों पर विशेष नजर रखी जा रही है। सीएमओ डॉ. मनोज अग्रवाल ने बताया कि दो लोगों में पुष्टि के बाद शुक्रवार से अधिक संख्या में नमूने जांचने का निर्देश दे दिया गया है।

Exit mobile version