Site icon UP News | Uttar Pradesh Latest News । उत्तर प्रदेश समाचार

अखिलेश आज कानपुर से फूंकेंगे चुनावी बिगुल, गंगा पुल से विजय यात्रा का आगाज

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव विधानसभा चुनाव का बिगुल मंगलवार को कानपुर से फूंकेंगे। यहां से उनकी विजय यात्रा शुरू होगी। अखिलेश का विजय रथ मंगलवार को गंगा पुल से घाटमपुर स्थित नवेली पार्क जाएगा। वहां जनसभा करेंगे। 

सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता व विजय यात्रा प्रभारी एमएलसी संजय लाठर ने सोमवार को शहर आकर कार्यकर्ताओं का जोश बढ़ाया। माल रोड स्थित होटल में प्रेसवार्ता में उन्होंने बताया कि सपा के चुनावी अभियान की शुरुआत में विजय यात्रा महत्वपूर्ण स्थान रखेगी। अखिलेश यादव सुबह 11 बजे जाजमऊ गंगा पुल पहुंचेंगे। यहां से विजय रथ घाटमपुर स्थित नवेली विद्युत परियोजना पार्क तक जाएगा। रास्ते में रथ का स्वागत किया जाएगा। गंगा के तट से यमुना तक विजय यात्रा के दौरान जनता को चुनाव के मुद्दे भी बताए जाएंगे। 

सपा नेता ने कहा कि भाजपा जाति-धर्म के मुद्दे पर भटका रही है। सपा विकास, बिजली, भ्रष्टाचार, महंगाई व बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि नवेली विद्युत परियोजना, यूपी में मेट्रो, स्मार्ट सिटी की परिकल्पना समेत कई योजनाएं सपा ने अपने काल में दी हैं। भाजपा के काल में विकास नहीं हो रहा है। यह बात जनता को समझ में आ रही है। उन्होंने महंगे ईंधन, बिजली की दरों के लिए भाजपा सरकार को घेरा। कहा कि वर्तमान में लॉ एंड आर्डर की स्थिति बिगड़ गई है। कहीं कार के असंतुलित होने पर एनकाउंटर होता है तो कहीं किसानों पर कार चढ़ा दी जाती है। पुलिस बेलगाम है। गोरखपुर में कानपुर के व्यापारी की हत्या इसका उदाहरण है। प्रेस वार्ता में विधायक अमिताभ वाजपेयी, इरफान सोलंकी, सपा के महानगर अध्यक्ष डॉ. इमरान, अंबर त्रिवेदी आदि मौजूद रहे।

Exit mobile version