मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सुलतानपुर में 316 करोड़ रुपए की 88 परियोजनाओं का लोकार्पण और 39 का शिलान्यास के मौके पर कहा कि कोरोना जैसी महामारी के दौरान प्रदेश सरकार ने स्कूल और कॉलेज में पढ़ रहे छात्र-छात्राओं की समस्या को देख सरकार ने तय किया है कि प्रदेश के नौजवानों को हम टैबलेट और स्मार्ट फोन देंगे। उन्हाेंने कहा कि हम लोगों का प्रयास है कि नवंबर के अंतिम सप्ताह के अंदर हम प्रदेश के सभी नौजवानों को टैबलेट और स्मार्ट फोन की सुविधा उपलब्ध करवा दें। 

योगी ने कहा सुलतानपुर भगवान राम के सुपुत्र कुश के नाम पर से पहचाना जाता है। सौभाग्य की बात होगी कि अयोध्या में जन्मभूमि पर भगवान राम के भव्य मंदिर के निर्माण की कार्रवाई भाजपा सरकार में प्रारंभ हो रही है। कांग्रेस,सपा,बसपा को आड़े हाथों ले कहा कि क्या वह राम मंदिर बनाते, जिसने गोलियां चलवाई? वे बनाते जो राम के अस्तित्व को ही नकार दिया था । भीड़ में सवाल उछाला-कौन बना रहा है.. आवाज आई भाजपा। योगी ने कहा आस्था के साथ अब कोई भी खिलवाड़ नहीं कर सकता। पहले पर्व और त्योहार आते थे तो ये पेशेवर दंगाई और माफिया सत्ता के सरपरस्त अराजकता फैलाते थे। ये पर्व और त्योहारों में भी खलल डालने का काम करते थे, सत्ता मौन बनी रहती थी। उनके सामने उन्होंने प्रदेश को बंधक बनाकर रख दिया था, आज वैसा नहीं है। अभी हाल ही में आपने विजयदशी का पर्व बहुत ही शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न किया। जगह जगह रामलीलाएं हुईं।

500 बेड का मेडिकल कॉलेज

योगी ने कहा सुलतानपुर में पहले चरण में 500 बेड का हास्पिटल बनवाने जा रहे हैं। एक बड़े हास्पिटल के माध्यम से यहां की जनता को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलेगी। स्वास्थ्य सुविधा के लिए लखनऊ, दिल्ली, मंबई, और देश के अन्य क्षेत्रों में नहीं जाना पड़ेगा। दूसरा प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत योजना में हर गरीब को पांच लाख रुपए स्वास्थ्य बीमा का कवर केंद्र व प्रदेश सरकार उपलबध करवा रही है। मेडिकल कॉलेज अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा। 2022-23 में यहां पर नौजवानों को सुलतानपुर में ही मेडिकल की पढ़ाई करने का सौभाग्य भी प्राप्त होगा। लखनऊ में और आसपास के क्षेत्रों में नहीं जाना होगा। सारी सुविधा यहीं प्रदान होगी।

विरोधी दलों पर हमला: 

योगी ने कहाकि एक दौर था जब हर दिन एक नया घोटाला कांग्रेस नेतृत्व केंद्र सरकार का देश के सामने आता था। विकास योजनाओं का लाभ न देश को मिलता था न प्रदेश को मिलता था। योजनाओं को परिवार तक सीमित करके रख दिया गयाथा। एक परिवार दिल्ली में एक परिवार लखनऊ में गरीब के पैसे को हड़पने का काम करता था। आभारी हैं प्रधानमंत्री मोदी जी के जिन्होंने 2014 में आने के बाद देश को सबका साथ सबका विकास का मंत्र दिया। यह नारा हकीकत में बदलता दिखाई दे रहा है।

पूर्वांचल एक्सप्रेस वे के फायदे: 

योगी ने कहा, सुलतानपुर पूर्वांचल एक्सप्रेस वे का सर्वाधिक लाभ लेने वाला जनपद है। लगभग 107 किमी यहीं से होकर जा रहा है। यहां के लोगों को चार गुना मुआवजा दिया गया। जब औद्योगिक क्लस्टर बनेंगे तो फिर जिले का विकास कई गुना आगे बढ़ता हुआ दिखाई देगा, नौजवानों को रोजगार भी उपलब्ध होने लग जाएगा। एक्सप्रेस वे में एक एयरस्ट्रीक भी बढ़ा दिया है। एयर फोर्स के जहाज भी वहां उतरा करेंगे। अगर इमरजेंसी में कोई लैंडिंग करना होगा तो पूर्वांचल एक्सप्रेस वे तैयार होता हुआ दिखाई देगा। ये गौरव भी सुलतानपुरवासियों को प्राप्त होगा।

कानून व्यवस्था पर बोले: 

2017 के पहले कोई पर्व और त्योहार जनता शांतिपूर्ण नहीं मना सकती थी। होली, विजयादशमी, दुर्गा पूजा, दीपावली ,जन्माष्टमी आती थी तो कर्फ्यू लग जाता था। 2017 बाद प्रदेश में कर्फ्यू की बात तो बहुत दूर,कोई भी दंगाई सिर नहीं उठाने का दुस्साहस नहीं कर सका। उसे मालूम है कि दंगा करेगा तो सात पीढ़ी उसकी भरपाई नहीं कर सकेगा। फिर यह संदेश है कि भूमि जबरन कब्जाने का प्रयास करोगे तो बुल्डोजर तैयार रहता है। सरकार जीरो टालरेंस पर काम कर रही है। प्रदेश में अराजकता की छूट हम नहीं देंगे।

किसानों के बारे में :

योगी ने कहा अतिवृष्टि के कारण जिन किसानों को नुकसान हुआ है जिन जनपदों ने अपनी रिपोर्ट दे दी है उनका पैसा 177 करोड़ रुपए हमने उन जनपदों को रिलीज कर दिया है। और 17 से 19 के बीच में भारी अतिवृष्टि के कारण जहां पर जनधन हानि हुई है। वहां पर सर्वे का कार्य चल रहा ह, जैसे ही रिपोर्ट आती है,उन सभी किसान के लिए भी मुआवजे की राशि उन जनपदों के अन्नदाता किसान आज अपने को असहाय महसूस नहीं करेगा। कहा,आज उत्तर प्रदेश खाद्यान्न उत्पादन भी रिकॉर्ड उत्पादन कर रहा है। उत्तर प्रदेश चीनी उत्पादन में भी रिकार्ड उत्पादन किया है। हमने एक कार्य योजना बनाने के लिए कहा है जो जर्जर चीनी मिले हैं जन चीनी मिलों को कैसे रिवाइस कर सके इन चीनी मिलों को हम कैसे नए सिरे से विस्तारीकरण के कार्यक्रम को आगे बढ़ा सके और ये कार्य योजना युद्ध स्तर पर चल रही है, हमारा प्रयास होगा कि सुलतानपुर के बारे में भी जनप्रतिनिधयों ने जो प्रस्ताव दिए है उस पर संवेदनशील तरीके से आगे सरकार विचार करेगी।