Site icon UP News | Uttar Pradesh Latest News । उत्तर प्रदेश समाचार

31 दिसम्‍बर तक बंद रहेंगे आठवीं तक के स्‍कूल, कड़ाके की सर्दी के चलते बरेली के डीएम का आदेश

उत्‍तर प्रदेश में पड़ रही कड़ाके की सर्दी को देखते हुए बरेली के डीएम ने आठवीं तक के सभी स्‍कूलों को 31 दिसम्‍बर तक बंद रखने का आदेश दिया है। डीएम के इस आदेश के आधार पर बीएसए विनय कुमार ने जिले में स्थित सभी बोर्ड के सरकारी और मान्‍यता प्राप्‍त स्‍कूलों बंद रखने की घोषणा की है। 

स्‍कूलों की बंदी का यह आदेश बुधवार की सुबह छह बजे के आसपास जिले में वाट्ससए पर वायरल हुआ। तब तक काफी बच्‍चे स्‍कलों के लिए तैयार हो चुके थेे। समय से जानकारी न हो पाने के चलते बड़ी संख्‍या में विद्यार्थी और शिक्षक स्कूलों पर पहुंच गए। वहां पहुंचने के बाद स्‍कूल बंद होने की सूचना मिली तो फिर विद्यार्थियों को वापस घर भेजा गया। इस बीच बड़ी संख्‍या में लोग इस आदेश की सत्यता जानने के लिए अधिकारियों के साथ-साथ मीडिया को भी फोन करने लगे। दूरदराज के स्कूलों के शिक्षक तो आधे रास्ते में पहुंच गए तब उन्हें आदेश की जानकारी मिली। कई निजी स्कूल भी लिखित आदेश का इंतजार करते रहे। ज्‍यादातर ने तय किया कि 23 दिसंबर से छुट्टी की जाएगी। इस आदेश की सूचना सुबह मिलने को लेकर कई अभिभावक भी नाराज दिखे।

उन्‍होंने सवाल उठाया कि स्‍कूल बंद करने ही थे तो यह निर्णय एक दिन पहले की शाम या रात तक लिया जा सकता था। सुबह-सुबह इस तरह की सूचना मिलने से असमंजस की स्थिति बन जाती है। लोगोें को सूचना की सत्‍यता की जानकारी के लिए अतिरिक्‍त और अनावश्‍यक प्रयाास करना पड़ता है। छोटे-छोटे बच्‍चे भी बेेेेवजह परेशान होते हैं। 

वाराणसी में कल ही आया था आदेश

उधर, वाराणसी के जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने सरकारी और गैरसरकारी स्कूलों को 23 और 24 दिसंबर को बंद रखने का आदेश दिया है। 25 को क्रिसमस के कारण स्कूल पहले से बंद हैं। 26 को रविवार के कारण बंद रहेंगे। अगर रविवार को भी मौसम का रुख ऐसा ही रहा तो छुट्टी बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। जिलाधिकारी की ओर से जारी आदेश में बताया गया है कि अगले तीन से चार दिनों तक भीषण शीतलहर की चेतावनी दी गई है। इसके कारण दिन के तापमान में अत्यधिक गिरावट की संभावना है। शीतलहर को देखते हुए 23 और 24 दिसंबर को जिले के सभी सरकारी और गैर सरकारी के साथ ही सीबीएसई, आईसीएससी वाले स्कूल भी बंद रहेंगे। 

दो दिन पारा गिरने की आशंका

उत्‍तर प्रदेश में अगले दो दिन पारा और गिरने की संभावना है। इसके बाद गुरुवार से मामूली राहत मिलने का अनुमान है। मौसम ने पिछले चार दिनों से मिजाज बदला है। चार दिन पहले न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास था। इसके बाद से न्यूनतम तापमान नीचे गिरता जा रहा है। बीती रात लखनऊ में रात 2.30 बजे के आसपास पारा 5.5 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। सुबह हल्की घुंध रही। सुबह सात बजे तापमान 8 डिग्री और नौ बजे 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

Exit mobile version