शाहजहांपुर जिले के गढ़ियारंगीन थाना क्षेत्र के नौगवां निरोत्तम गांव में शुक्रवार तड़के प्रेमी युगल की गोली मार कर हत्या कर दी गई। हत्या लड़की के घर में दो मंजिल पर बने कमरे में की गई। बाद में युवक का शव घसीट कर देव स्थान के पास डाल दिया गया। 

परिजनों के अनुसार, नौगवां निवासी आशीष कुमार शुक्रवार सुबह करीब तीन बजे स्वजन को बिना कुछ बताये घर से निकला था। शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे आशीष का शव गांव के बाहर धार्मिक स्थल के पास खून से लथपथ पड़ा मिला। उसके सीने में गोली लगी थी। कुछ देर बाद आशीष के पड़ोसी कृष्णपाल सिंह की बेटी बंटी की भी गोली लगने से मौत की चर्चा होने लगी।

पुलिस जब उनके घर पहुंची तो दूसरी मंजिल के कमरे में बंटी का शव खून से लथपथ पड़ा था। बंटी के भी सीने में गोली लगी थी। दोनों शव के पास असलाह नहीं मिले। घटना की जानकारी मिलने पर सीओ परमानंद पांडेय, कटरा, जैतीपुर, तिलहर पुलिस गांव पहुंच गई। आशीष के पिता सुखपाल ने आरोप लगाया कि बंटी के पिता कृष्णपाल ने दोनों की गोली मारकर हत्या की है। सीओ परमानंद पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। स्वजन जो तहरीर देंगे, उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

गांव में आस पास रहने वाले आशीष और युवती बंटी के बीच प्रेम प्रसंग बताया जा रहा है। आशीष की शादी भी हो चुकी थी, उसके बच्चे भी हैं। ऐसा बताया गया। माना जा रहा है कि शुक्रवार सुबह आशीष चोरी से बंटी से मिलने उसके घर में गया। बंटी के परिवार वालों को यह बात पता लग गई, इसके बाद दूसरी मंजिल पर बने कमरे में मौजूद आशीष और बंटी को सीने पर गोली मार दी गई। आशीष का शव घसीट कर घर से 100 मीटर दूर देव स्थान पर डाल दिया गया। मामले की जांच करने एसपी एस आनंद भी मौके पर पहुंचे हैं। फॉरेंसिक टीम व डॉग स्क्वायड भी गांव पहुंचे हैं। पुलिस पड़ताल जारी है।