रविवार को होने वाली भाजपा राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक से प्रदेश के नेता वर्चुअली जुड़ेंगे। भाजपा प्रदेश मुख्यालय से प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व डा. दिनेश शर्मा सहित करीब दो दर्जन नेता इस बैठक से जुड़ेंगे। बैठक में प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर खास चर्चा होने की उम्मीद है।
यह बैठक सुबह दस बजे से शुरू होगी। जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी उपस्थित रहेंगे। बताया जाता है कि उत्तर प्रदेश से पार्टी के जो राष्ट्रीय पदाधिकारी हैं वह दिल्ली में आयोजित इस बैठक में उपस्थित रहेंगे। वहीं प्रदेश अध्यक्ष के साथ ही प्रदेश सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक व अन्य जो राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य हैं वह वर्चुअली जुड़ेंगे। भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर नेताओं के वर्चुअली जुड़ने की व्यवस्था की गई है। माना जा रहा है कि पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए इस बैठक में पार्टी की रणनीति और रोड मैप पर चर्चा होगी। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर भी चर्चा होगी।
योगी भी उपस्थित रहेंगे इस बैठक में
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस बैठक में रहेंगे। वह प्रदेश मुख्यालय से वर्चुअली जुड़ेंगे या दिल्ली जाएंगे यह स्पष्ट नहीं है। उनके दिल्ली जाने की चर्चाएं भी हैं।