बाराबंकी में छोटी नहर की खोदाई किए जाने से मना करने पर आक्रोशित पूर्व विधायक के पुत्र व नगर पंचायत अध्यक्ष पूजा दीक्षित के पति ने दो सफाई कर्मियों को पीट दिया। पीड़ितों का आरोप है कि पूर्व विधायक पुत्र ने जान से मारने की धमकी भी दी है। मारपीट की घटना के बाद सभी कर्मचारियों ने एकजुट होकर प्रदर्शन किया और मुकदमा लिखने के लिए हैदरगढ़ कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

नगर पंचायत हैदरगढ़ में सफाई नायक पद पर कार्यरत रामकेवल पुत्र सत्यनारायण ने बताया कि शुक्रवार की सुबह 7:30 बजे वह बछरावां चौराहे पर सफाई कर्मचारी सुनील कुमार के साथ सफाई कार्य करा रहा था। इसी दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष पूजा दीक्षित व पूर्व विधायक पुत्र पंकज दीक्षित निवासी ग्राम दौलतपुर वहां पर आए। उन्होंने अभद्रता की और छोटी नहर की खुदाई जेसीबी से कराने के लिए कहा। रामकेवल ने बताया कि उसने पंकज दीक्षित को बताया कि उसके द्वारा जेसीबी से नहर की खुदाई नहीं की जा सकती। सिंचाई विभाग कार्रवाई कर देगा। जिस पर वह भड़क उठे। उन्होंने रामकेवल और सुनील कुमार की पिटाई कर दी।

आरोप है कि पंकज दीक्षित ने उन्हें जान से मारने की भी धमकी दी है। इस घटना से सफाई कर्मचारियों में आक्रोश है। सफाई कर्मियों के साथ अन्य कर्मचारियों ने एकजुट होकर प्रदर्शन किया। इसके बाद पीड़ितों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्यवाही की मांग की है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार वर्मा ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है।