कानपुर की सरजमीं रविवार को राममय से गुंजायमान हो गई। ऐतिहासिक रामोत्सव कार्यक्रम में भारत को हिन्दू राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया गया। अपार जनसमूह के बीच आरएसएस, संतों और विश्व हिन्दू परिषद ने भावी एजेंडे का ऐलान करते हुए कहा कि हिन्दू अब टुकड़ों में नहीं बंटेगा। रामराज की परिकल्पना साकार करने का समय आ गया है। दिल्ली में शोभायात्रा पर हमले को लेकर विहिप ने आक्रामक रुख दिखाते हुए साफ किया कि इससे समाज भयभीत नहीं होगा और शोभायात्राएं और उत्सव पूरे वेग से जारी रखेगा। सामाजिक समरसता और सांप्रदायिक सौहार्द की जिम्मेदारी हर भारतीय की है।

निरालानगर स्थित मैदान पर पहुंचे विहिप के केंद्रीय महामंत्री मिलिंद परांडे ने कहा कि जेहादी मानसिकता शोभायात्राओं के सिलसिले को हिला नहीं सकती हैं। बंगाल में शोभायात्रा के दौरान लाखों लोग जुट रहे हैं। उन्होंने कहा कि लव जेहाद के नाम पर कोई समझौता नहीं होगा। विहिप धर्म की रक्षा करेगी। साध्वी ऋतंभरा ने कहा कि हिन्दू समाज को एक होने के लिए जाति के बंधन से मुक्त कराना होगा। समाज को अब भटकना नहीं है। उन्होंने लड़के-लड़कियों की आत्महत्याओं को रोकने के लिए अभिभावकों को आगे आने का आह्वान किया। संघ की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य भैय्याजी जोशी ने भगवान राम के आदर्शों को जीवन में उतारने का आह्वान किया। उन्होंने अयोध्या में भव्य राम मंदिर बनने की बात कही। इस पर मुहर लगाते हुए रामविलास वेदांती ने कहा कि अयोध्या में अगले साल दिसम्बर तक मंदिर का पहला तल बनकर तैयार हो जाएगा और हम सब के राम वहां पर आसीन हो जाएंगे।
प्रभु राम के छह हजार स्वरूप 
विहिप की ओर से आयोजित रामोत्सव कार्यक्रम में एक से बढ़कर एक आकर्षक नजारे दिखे। रेलवे ग्राउंड, निरालानगर में भगवान राम के छह हजार स्वरूपों को पुष्पक विमान पर सवार कराकर अद्भुत छटा बिखेरी। इसे अब तक का रिकॉर्ड भी माना जा रहा है।