Site icon UP News | Uttar Pradesh Latest News । उत्तर प्रदेश समाचार

यूपी विधानसभा चुनाव: 22 से बीजेपी शुरू करेगी सदस्यता अभियान, गृह मंत्री अमित शाह करेंगे शुरुआत, पार्टी ने रोडमैप किया तैयार

उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव से पूर्व भाजपा अपना समर्थन बढ़ाने को एक बड़ा अभियान शुरू करने जा रही है। आगामी 22 अक्तूबर से पार्टी प्रदेश में अपना सदस्यता अभियान शुरू करने की प्लानिंग कर रही है। इसकी शुरुआत केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के हाथों होनी है।

पार्टी ने इस बार प्रदेश में डेढ़ करोड़ नए सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है। भाजपा की योजना में अपनी सदस्य संख्या चार करोड़ तक पहुंचाने की है ताकि अपने बूते सत्ता की चाबी हासिल की जा सके। भाजपा के प्रदेश में फिलहाल ढाई करोड़ सदस्य हैं। इनमें से करीब डेढ़ करोड़ का सत्यापन भी हो चुका है। 

इस बार डेढ़ करोड़ नए सदस्य बनाकर चार करोड़ का आंकड़ा छूने का टारगेट रखा गया है। सदस्यता अभियान को लेकर पार्टी ने भारी-भरकम रोडमैप तैयार किया है। इसकी शुरुआत अमित शाह खुद कुछ लोगों को सदस्यता दिलाकर करेंगे। उनसे 22 अक्तूबर का समय मांगा गया है। 

प्रदेश स्तर पर इसकी रूपरेखा तय हो गई है। अभियान शुरू होते ही क्षेत्र और जिला स्तर पर बैठकें होंगी। प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं की भूमिका और सदस्यता के लक्ष्य तय कर दिए गए हैं। मुख्य संगठन से लेकर सभी मोर्चों को भी इस काम में लगाया जाएगा। 

इसके अलावा सभी जनप्रतिनिधियों को भी लक्ष्य दे दिए गए हैं। उन्हें सार्वजनिक स्थानों पर सदस्यता कैंप आयोजित करने होंगे। पार्टी नए लोगों को घर-घर जाकर जोड़ने के साथ ही हेल्पलाइन नंबर के जरिए भी सदस्य बनाएगी।

Exit mobile version