सरकार ने धान खरीद का समय बढ़ा दिया है। अब प्रदेश में चल रहे चुनाव के अंतिम चरण के मतदान के दिन तक धान खरीद होगी। यानी सात मार्च तक किसान धान क्रय केन्द्रों पर जाकर धान बेच सकते हैं जबकि धान खरीद के लिए अंतिम तारीख 28 फरवरी निर्धारित थी। धान खरीद का समय बढ़ाए जाने के पीछे जानकार शेष बचे चरणों के मतदान को मान रहे हैं। 

प्रदेश में धान की खरीद दो चरणों में हुई। लखनऊ मंडल के हरदोई व लखीमपुर जिले के अलावा बरेली, मुरादाबाद, मेरठ, सहारनपुर, आगरा, अलीगढ़, झांसी मंडल में धान खरीद एक अक्टूबर 2021 से 31 जनवरी 2022 तक चली। वहीं लखनऊ, रायबरेली, उन्नाव समेत प्रदेश के अन्य मंडलों के जिलों में एक नवम्बर 2021 से 28 फरवरी22 तक निर्धारित थी। जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी निश्चल आनंद बताते हैं कि इन्हीं जिलों में धान खरीद को सात मार्च तक बढ़ाया गया है।  

चुनाव के कारण बढ़ी तारीख 
जानकारों का मानना है कि जिन किसानों को धान बेचना है वह धान बेच चुके हैं। क्योंकि 28 फरवरी के बाद दो चरणों का चुनाव बचा है और इनमें धान खरीद वाले जिले ही शामिल हैं। इसे देखते हुए धान खरीद का समय बढ़ाया गया है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि धान हो या गेहूं खरीद, समय सीमा हर बार बढ़ाई जाती है। इससे  जो किसान किसी कारण से धान नहीं बेच सके हैं, उनको एमएसपी पर धान बेचने का मौका मिलेगा। 

यहां होगी सात मार्च तक धान खरीद
गोरखपुर, वाराणसी, देवीपाटन, बस्ती,  आजमगढ़, मिर्जापुर, चित्रकूट, कानपुर, अयोध्या, प्रयागराज संभाग व लखनऊ मंडल का लखनऊ, रायबरेली व उन्नाव जिला