भोपाल, 18 दिसंबर (आईएएनएस)। नागरिकता संशोधन कानून और एनआरसी के विरोध में यहां इकबाल मैदान में जमा हुए लोगों के बीच पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने भाजपा की तुलना अग्रेजों की विचारधारा से कर डाली।

राजधानी के इकबाल मैदान में बुधवार को सीएए के विरोध में भारी संख्या में लोग जमा हुए। इस मौके पर केंद्र सरकार और भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। सभी ने एक स्वर में सीएए और एनआरसी को भारतीय संविधान की मूल भावना के खिलाफ बताया।

इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा, इस देश पर अंग्रेजों ने फूट डालो और राज करो की रणनीति को अपनाया। ब्रिटिश सरकार की इस देश पर हुकूमत करने की रणनीति थी। अंग्रेज चले गए मगर उस विचारधारा के पीछे औलाद (भीड़ से आवाज आई) छोड़ गए।

सिंह ने आरोप लगाया कि ये वही लोग हैं, जिन्होंने ब्रिटिश हुकूमत का साथ दिया और अब उसकी विचारधारा पर काम कर रहे हैं।

इस मौके पर बड़ी संख्या में छात्र और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद थे। सभी ने एक स्वर में केंद्र सरकार और भाजपा की नीतियों की जमकर आलोचना की। साथ ही नागरिकता संशोधन कानून और एनआरसी को देश के धर्मनिरपेक्ष ढांचे और संविधान की मूलभावना को चोट पहुंचाने वाला बताया।

–आईएएनएस