नई दिल्ली, 21 मार्च(आईएएनएस)। मध्य प्रदेश कांग्रेस के इस्तीफा दे चुके सभी विधायक शनिवार को बेंगलुरू से दिल्ली लौट आए हैं। अब सभी पूर्व विधायक भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा से मिलेंगे। शाम को नड्डा के आवास पर विधायकों की उनके साथ बैठक होगी। ये वही विधायक हैं, जिनके इस्तीफे के कारण मध्य प्रदेश में कमलनाथ सरकार गिर गई।

मुख्यमंत्री कमलनाथ के शुक्रवार को इस्तीफा देने के बाद से ही सभी पूर्व विधायकों को बेंगलुरू से बुलाने की तैयारी शुरू हो गई थी। आखिरकार शनिवार को बेंगलुरू के रामदा रिसॉर्ट से सभी विधायक विशेष विमान से दिल्ली पहुंचे। कुल 21 पूर्व विधायक बेंगलुरू से दिल्ली पहुंचे हैं। बेटी के निधन के कारण एक पूर्व विधायक पहले ही बेंगलुरू से आ चुके हैं। बताया जा रहा है कि भाजपा अध्यक्ष नड्डा से मिलने के बाद पूर्व विधायक भोपाल लौटेंगे।

इन विधायकों के इस्तीफे के बाद अब राज्य में उपचुनाव भी होगा। 22 विधायकों ने हाल में इस्तीफा दिया है और दो सीटें पहले से खाली चल रही हैं। ऐसे में राज्य में कुल 24 सीटों पर उपचुनाव होना है। सूत्र बता रहे हैं कि कमलनाथ सरकार गिराने में अहम भूमिका निभाने वाले इन विधायकों को भाजपा टिकट देकर उपचुनाव में उतारेगी। ऐसे में अब कांग्रेस के ये सभी बागी नेता अपने क्षेत्र में जुटेंगे।

मुख्यमंत्री कमलनाथ के इस्तीफा देने के बाद अब भाजपा सरकार बनाने का दावा पेश करेगी। हालांकि भाजपा खेमे में अभी मंथन चल रहा है कि कब सरकार बनाने का दावा पेश किया जाए। दावे से पहले भाजपा विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें मुख्यमंत्री का चेहरा तय होगा। हालांकि शिवराज सिंह चौहान को विधायक दल का नया नेता चुना जाना तय माना जा रहा है।

–आईएएनएस