
नई दिल्ली, 26 जनवरी : देश का हर नागरिक बहुत ही उत्साह के साथ आज भारत का 71वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। इस अवसर देश की राजधानी नई दिल्ली स्थित राजपथ पर आयोजित मुख्य समारोह में देश के शौर्य, संस्कृति और समृद्धि का नजारा देखने को मिला। भारत ने पूरी दुनिया को जल-थल-नभ में अपनी ताकत दिखाई, तो अपनी संस्कृति और समृद्धि का दर्शन भी कराया। राजपथ पर देश की सांस्कृतिक विरासत और आर्थिक प्रगति को दर्शाते हुए 22 झांकियां प्रदर्शित की गईं, जिनमें 16 झांकियां राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की ओर से थीं। इसके अलावा विभिन्न मंत्रालयों और विभागों के कार्यो की छह झांकियां प्रदर्शित की गईं।
गणतंत्र दिवस समारोह में इस बार बतौर मुख्य अतिथि ब्राजील के राष्ट्रपति जायेर बोलसोनारो ने शिरकत की। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने राजपथ पर तिरंगा फहराया और परेड की सलामी ली। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत गणमान्य अतिथिगण राजपथ पर आयोजित मुख्य समारोह में मौजूद थे।
परेड में भारतीय सेना का शौर्य, देश की सामाजिक, आर्थिक और सामरिक प्रगति के साथ-साथ समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और नारी शक्ति का अनोखा संगम देखने को मिला। हाल ही में भारतीय वायुसेना में शामिल हुए चिनूक और अपाचे युद्धक हेलीकॉप्टर को सैन्य परेड में शामिल किया गया था। भारतीय वायुसेना के सुखोई विमान एसयू-30 एमकेआई ने 900 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से उड़ान भरकर आसमान में अपनी शक्ति का प्रदर्शन किया।

राजपथ पर करीब 90 मिनट तक चले कार्यक्रम के दौरान परेड में 22 झाकियां निकाली गईं। इसके अलावा 16 मार्चिंग दस्ते और 21 बैंड नजर आए।
गणतंत्र दिवस समारोह में राजपथ पर पहली बार स्वदेश में निर्मित धनुष तोप का प्रदर्शन किया गया। इसके अलावा टी-90 भीष्म टैंक और के-9 वज्र-टी टैंक को भी पेश किया गया।
मोटरसाइकिल सवार केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के महिला दस्ते ने हैरतअंगेज करतब दिखाकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
उल्लेखनीय है कि भारत 15 अगस्त, 1947 को आजाद हुआ था, लेकिन देश का संविधान 26 जनवरी, 1950 को लागू हुआ था। इसके साथ ही भारत गणतंत्र घोषित हुआ, और उसी उपलक्ष्य में हर साल 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस मनाया जाता है