कांग्रेस की UP प्रभारी प्रियंका गांधी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के झाड़ू वाले बयान का झाड़ू लगाकर विरोध जताया। प्रियंका शुक्रवार को करीब 4 बजे लखनऊ में दलित बस्ती लवकुश नगर पहुंचीं। यहां उन्होंने वाल्मीकि आश्रम में झाड़ू लगाई। प्रियंका ने कहा कि झाड़ू लगाना स्वाभिमान और सादगी का प्रतीक है। रोज करोड़ों महिलाएं और सफाईकर्मी झाड़ू लगाते हैं।
प्रियंका ने आगे कहा था कि मुख्यमंत्री योगी ने जातिवादी बयान देकर अपनी दलित विरोधी मानसिकता दिखाई है। देश के करोड़ों दलितों और महिलाओं का अपमान भारत बर्दाश्त नहीं करेगा। कल (शनिवार को) उत्तर प्रदेश की सभी जिला कांग्रेस कमेटियां भगवान वाल्मीकि मंदिर में सफाई करेंगी।
CM ने कहा था- जनता ने प्रियंका को झाड़ू लगाने लायक बनाया
दरअसल, शुक्रवार को CM योगी ने गोरखपुर में एक टीवी कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान सीतापुर गेस्ट हाउस में प्रियंका गांधी के झाड़ू लगाने की बात पर उन्होंने कहा कि जनता उन्हें (प्रियंका को) उसी लायक बनाना चाहती है और बना भी दिया है। इनके पास उपद्रव और नकारात्मकता फैलाने के अलावा कोई काम नहीं है
सिद्धार्थनाथ सिंह ने प्रियंका पर किया पलटवार
प्रियंका गांधी पर योगी सरकार के प्रवक्ता सिद्धार्थनाथ सिंह ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा, देर आए दुरुस्त आए। प्रियंका वाड्रा पर ये मुहावरा एकदम दुरुस्त पड़ता है, जब मोदी जी ने 2014 में स्वच्छता अभियान शुरू किया था तो कांग्रेस ने कहा था कि मोदी जी झाड़ू लगाते हैं। आज हम कोई टिप्पणी नहीं कर रहे। आपके साथ पूरी कांग्रेस भी जुड़े।
सीतापुर गेस्ट हाउस में प्रियंका ने लगाई थी झाड़ू
लखीमपुर हिंसा में मारे गए किसानों के परिजनों से मिलने के लिए प्रियंका गांधी 3 अक्टूबर की शाम लखनऊ पहुंच गई थीं। इसके बाद लखीमपुर जाते समय 4 अक्टूबर सुबह 4:30 बजे पुलिस ने उन्हें सीतापुर जिले में हरगांव बॉर्डर पर हिरासत में लेकर गेस्ट हाउस में रखा। गेस्ट हाउस में प्रियंका का झाड़ू लगाने का वीडियो सामने आया था।