सीएम योगी आदित्यनाथ आज बागपत के रमाला थानाक्षेत्र के बासौली गांव में सांसद डॉ. सत्यपाल सिंह के बेटे के रिसेप्शन में पहुंचे हैं। समारोह में गठवाला खाप के चौधरी राजेंद्र सिंह और देशखाप चौधरी सुरेन्द्र सिंह ने सीएम योगी आदित्यनाथ को पगड़ी पहनाई। इस दौरान केंद्रीय मंत्री वीके सिंह, गन्ना मंत्री सुरेश राणा, आचार्य बालकृषण आदि मौजूद रहे।

इस कार्यक्रम में हरियाणा के सीएम मनोहर लाल भी आएंगे। सीएम योगी आदित्यनाथ के आने से पहले ही प्रशासन ने रातोंरात सड़कें बनवा दीं। गांव पूरी तरह चमका दिया।

हरियाणा के सीएम मनोहर लाल, मेघालय व केरल के राज्यपाल का कार्यक्रम भी प्रशासन को मिला है। ये सभी बासौली गांव में सांसद डॉ. सत्यपाल सिंह के बेटे प्रकेत आर्य के रिसेप्शन में शामिल होने पहुंच रहे हैं। इसके चलते प्रशासन ने बासौली के आसपास सड़कों को गड्ढा मुक्त कर दिया।

जिवाना टोल से बासौली गांव तक करीब दो किमी की सड़क को रातोंरात बनाया गया। इसके अतिरिक्त दिल्ली-सहारनपुर हाईवे से बरवाला होते हुए बासौली गांव तक करीब तीन किमी सड़क बनाई गई है। बासौली गांव के बीच से निकल रही नहर के किनारे चार किमी सड़क बनाई गई है। इसके साथ ही बासौली के सभी रास्तों की सफाई करा दी है।
अफसर नहीं बना रहे थे सड़क, अब सूरत ही बदल गई
बासौली के पूर्व प्रधान कुलदीप तोमर ने बताया कि मुख्यमंत्री के आगमन के चलते प्रशासन ने गांव के आसपास की सभी सड़कों का निर्माण करा दिया है। इससे गांव व आसपास के गांवों के लोगों फायदा होगा। ग्रामीण सेवाराम का कहना है कि पहले अधिकारी सड़क नहीं बना रहे थे।

गांव के रास्तों पर गंदगी पसरी थी। अब कई दिन से गांव पूरी तरह बदला हुआ दिख रहा है। इस तरह की व्यवस्था समय-समय पर होती रहे तो गांवों की हालत बदल जाएगी। साथ ही कहा कि भगवान करे, मुख्यमंत्री यहां जल्दी-जल्दी आते रहें, ताकि गांव की व्यवस्था सुधरती रहे।

अधिकारियों ने व्यवस्था देखी
आईजी प्रवीण कुमार भी बासौली पहुंचे और एसपी नीरज कुमार जादौन के साथ सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इसके साथ ही डीएम राजकमल यादव व अन्य अधिकारियों ने गांव में डेरा डाल दिया है।