समाजवादी युवजन सभा के जिलाध्यक्ष व वार्ड-45 के पार्षद अर्पित यादव ने उद्घाटन से ठीक पहले सोमवार देर रात भाजपा के नवनिर्मित कार्यालय की बाउंड्री पर विवादित बैनर लगा दिया। इसमें लिखा था कि ‘नौबस्ता मौरंग मंडी इसलिए खाली करवाई गई थी कि यहां पूरी जमीन पर अस्पताल बन सके।
मगर अस्पताल से पहले भाजपा कार्यालय बना दिया गया। योगी जी कानपुर दक्षिण पर रहम करो’। सुबह भाजपाइयों, पुलिस और प्रशासन की बैनर पर नजर पड़ी तो आननफानन हटाया गया। इसके बाद सपा और कांग्रेस के कई नेताओं को नजरबंद और गिरफ्तार किया गया।
बताया गया कि अर्पित की गिरफ्तारी के लिए कई जगह दबिश दी गई। बाद में डीसीपी साउथ की सर्विलांस टीम ने उन्हें घर के पास से गिरफ्तार किया। इसके बाद सपा के कई नेताओं को अलग-अलग जगह से उठाया गया।
कई को घर पर नजरबंद किया गया। सपा के युवजन सभा के प्रदेश सचिव अर्पित त्रिवेदी को एक दिन पहले ही नजरबंद कर दिया गया था। इन्होंने घर के बाहर ही सरकार की सद्बुद्धि के लिए प्रार्थना की।
इसी तरह कांग्रेस के प्रदेश सचिव विकास अवस्थी को पुलिस ने आवास से निकलते समय गिरफ्तार किया। विकास भी कथित तौर पर सरकारी अस्पताल की जमीन पर भाजपा कार्यालय बनाए जाने का विरोध प्रदर्शन करने जा रहे थे। इनकी गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेसियों ने बर्रा थाने के गेट पर बैठकर नारेबाजी की।