सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के 19 वां स्थापना दिवस के अवसर पर 27 अक्टूबर यानी बुधवार को मऊ में सुबह दस बजे से सुभासपा की महापंचायत है। महापंचायत में सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी होंगे। इस मंच से वह पूरे पूर्वांचल को संदेश देने की कोशिश करेंगे। महापंचायत में असदुद्दीन ओवैसी को निमंत्रण नहीं दिया गया है। वह इस दौरान 12.30 से मुजफ्फरनगर में जनसभा करेंगे। महापंचायत में सपा-सुभासपा के गठबंधन का औपचारिक ऐलान हो सकता है।

भागीदारी संकल्प मोर्चा का क्या होगा? इस पर भी फैसला संभव है। वैसे कहा जा रहा है कि यूपी चुनाव को लेेेकर भागीदारी संकल्प मोर्चा की योजना खतरे में है। अखिलेश यादव के मऊ की महापंचायत में शामिल होने के कार्यक्रम के बाद से ही भागीदारी संकल्प मोर्चा के दो मजबूत स्तंभ शिवपाल सिंह यादव और असदुद्दीन ओवैसी ने किनारा कर लिया है।

बताते चलें कि योगी सरकार से नाराजगी के कैबि‍नेट से इस्‍तीफा देकर अपने चार विधायकों के साथ एनडीए से बाहर आने वाले राजभर ने ऑल इंडिया मजलिस-ए- इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआइएमआइएम प्रमुख) असदउद्दीन ओवैसी, भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर तथा प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के प्रमुख शिवपाल सिंह यादव के साथ मिलकर भागीदारी संकल्प मोर्चा बनाया। इस मोर्चा को वे यूपी चुनाव में बडा विकल्‍प बता रहे थे लेकिन हाल में समाजवादी पार्टी उनकी नजदीकी बढ़ी और उन्होंने पिछले दिनों लखनऊ में अखिलेश यादव के साथ मुलाकात के बाद उन्‍होंने सपा को समर्थन देने की घोषणा की। इसके साथ ही उन्‍होंने 27 अक्‍टूबर को मऊ में भागीदारी संकल्प मोर्चा की महापंचायत का न्योता भी अखिलेश यादव को दिया। अखिलेश के राजभर का न्‍योता स्वीकार करते ही भागीदारी संकल्‍प मोर्चा के दो मजबूत स्तंभों (ओवैसी और शिवपाल) ने महापंचायत से किनारा कर लिया।

जनसभा में एक लाख लोगों के जुटने का दावा

बुधवार की सुबह 10 बजे ढोलबन हलधरपुर के मैदान में आयोजित महारैली और जनसभा की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आयोजन स्थल पर खुद सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर समय-समय पर निरीक्षण कर रहे हैं और छोटी-बड़ी हर समस्या के निवारण के लिए कार्यकर्ताओं को लगातार उत्साहित कर रहे हैं। राजभर ने बताया कि रैली में लगभग 100000 लोगों के आने की संभावना है। रैली स्थल की तैयारियों को अंतिम रूप देने तथा भ्रमण कर प्रचार प्रसार में लगे हैं। उन्होंने बताया कि हेलीपैड का निर्माण अंतिम दौर में है। लोगों को बैठने के लिए लगभग 35000 से भी अधिक कुर्सियों की व्यवस्था है।

13 हजार गाड़‍ियों की बुकिंग

प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से लगभग 13000 गाड़ियां की बुकिंग हो चुकी है। इस अवसर पर बातचीत में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश ने कहा कि यह पंचायत भारतीय जनता पार्टी के ताबूत की आखिरी कील साबित होगी। जिन लोगों के बदौलत हमने भाजपा को पूर्ण बहुमत दिलाकर प्रदेश की सत्ता दिलाया। अब हम समाजवादी पार्टी से हाथ मिलाया है और 27 अक्टूबर को यह सब को आभास हो जाएगा। उन्होंने बताया कि इस महा पंचायत कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा मुखिया अखिलेश यादव हैं। आगामी विधानसभा चुनाव के पूर्व सुभासपा भागीदारी संकल्प मोर्चा के दलों एवं समाजवादी पार्टी की दोस्ती का आगाज करने वाली यह महापंचायत क्या गुल खिलाएगी। पार्टी के कार्यकर्ताओं का जमावड़ा 1 दिन पहले से आना शुरू हो गया है।