समाजवादी पार्टी (सपा) के अखिलेश यादव और राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के मुखिया जयंत चौधरी के बीच चुनावी गठबंधन पर सहमति कायम होने के बाद आज मेरठ में सपा रालोद की पहली संयुक्त रैली से गठबंधन के चुनाव प्रचार की औपचारिक शुरुआत हो जायेगी। सपा की ओर से दी गयी जानकारी के मुताबिक अखिलेश और जयंत मंगलवार को दिन में 11 बजे मेरठ पहुंचेंगे। यहां से वह के सरधना थानाक्षेत्र में स्थित दबथुला में रैली स्थल के लिये रवाना होंगे। दोपहर 12 बजे अखिलेश संयुक्त रैली को संबोधित करेंगे। गठबंधन के बैनर तले आयोजित होने जा रही पहली संयुक्त रैली को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सपा रालोद के साझा चुनाव अभियान के आगाज के तौर पर देखा जा रहा है।

दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे की घोषणा भी रैली के मंच से की जा सकती है। इससे यह खुलासा हो सकेगा पश्चिमी उत्तर प्रदेश की कितनी सीटों पर सपा लड़ेगी और कितनी सीटों पर रालोद।