आजमगढ़ और रामपुर लोकसभा उपचुनाव में सपा की हार के बाद सपा प्रमुख अखिलेश पर कटाक्ष करते हुए राजभर ने कहा था कि जिस पार्टी के नेता चुनाव प्रचार में हिस्सा नहीं लेते हैं, उससे आप किस तरह के मुकाबले की उम्मीद कर सकते हैं? राजभर ने अखिलेश यादव को लोगों के बीच जाने और वातानुकूलित कमरे से राजनीति नहीं करने की सलाह दी थी। उन्होंने यहां तक कहा था कि अखिलेश अपने पिता (मुलायम सिंह यादव) की कृपा से ही मुख्यमंत्री बने हैं और उनकी पार्टी ने 2014 के बाद से उनके (अखिलेश यादव) नेतृत्व में कोई चुनाव नहीं जीता है।

राजभर ने शुक्रवार को जोर देकर पत्रकारों से कहा कि वह सपा गठबंधन का हिस्सा बने रहेंगे और अखिलेश यादव की तरफ से अगर कोई तलाक आएगा तो वह कबूल कर लेंगे, लेकिन अपनी तरफ से अलग नहीं होंगे। उन्होंने विकल्प बताते हुए यह जरूर कहा कि अगर सपा से गठबंधन टूटेगा तो वह बहुजन समाज पार्टी से गठबंधन की पहल करेंगे।

इस बीच प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि राजभर को सुरक्षा देने को राष्ट्रपति चुनाव से नहीं जोड़ा जाना चाहिए। राज्य की मुख्य विपक्षी पार्टी सपा के साथ गठबंधन में हाल के राज्य विधानसभा चुनाव में राजभर की पार्टी ने छह सीटों पर जीत हासिल की, लेकिन चुनाव बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव से राजभर की दूरी बढ़ती गई।

अखिलेश यादव ने इस महीने की शुरुआत में सिन्हा के समर्थन में लखनऊ में बुलाई गई बैठक में राजभर को आमंत्रित नहीं किया, जबकि सपा के एक अन्य सहयोगी और राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के प्रमुख जयंत चौधरी ने इसमें भाग लिया था। इसके बाद राजभर ने राष्ट्रपति चुनाव में विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा के बजाय राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू का समर्थन किया। 2017 के विधानसभा चुनाव में राजभर ने भाजपा के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ा था और योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में गठित पहली सरकार में मंत्री पद की शपथ ली थी। बाद में राजभर ने भाजपा से गठबंधन तोड़ दिया था।