अखिल भारतीय महापौर सम्मेलन में शामिल होने के लिए 100 से अधिक शहरों से प्रथम नागरिक काशी पहुंच चुके हैं। उन्होंने गुरुवार को काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन पूजन के अलावा क्रूज की सवारी की। दशाश्वमेध घाट पर गंगा आरती में शामिल हुए और भावविभोर होकर हाथ उठाकर ‘हर-हर महादेव का उद्घघोष किया।

गुरुवार सुबह 9 बजे से ही महापौरों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। कैंट रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट पर नगर निगम की हेल्पडेस्क पर उनका स्वागत किया गया। वहीं होटलों में पहुंचने पर पारंपरिक तरीके से उनका स्वागत हुआ। शाम को महापौर रविदास घाट पहुंचे। यहां नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन व महापौर मृदुला जायसवाल ने बनारसी सिल्क का दुपट्टा ओढ़ाकर स्वागत किया। महापौरों ने क्रूज से गंगा घाटों को निहारा। करीब साढ़े चार घंटे गंगा में और घाटों पर महापौरों ने समय बिताया।

ललिता घाट से धाम पहुंचे

रविदास घाट से क्रूज में सवार होकर सभी महापौर ललिता घाट पहुंचे। यहां विश्वनाथ धाम गए और उसकी छटा निहारी। बाबा का दर्शन-पूजन किया। इसके बाद फिर क्रूज से दशाश्वमेध घाट पहुंचे।

चूड़ा मटर, मगदल, मलाई गिलौरी का स्वाद लिया

महापौरों ने गंगा आरती के बाद रो-रो क्रूज पर डिनर किया। उन्हें बनारसी कचौड़ी, सब्जी व जलेबी, चूड़ा मटर, मगदल, मलाई गिलौरी, ढोकला, टमाटर चाट, गोलगप्पे, रबड़ी के साथ इमरती परोसी गई।

शहरी विकास सचिव ने किया निरीक्षण

दीनदयाल हस्तकला संकुल में गुरुवार को शहरी विकास सचिव डीएस मिश्रा ने तैयारियों का जायजा लिया। नगर विकास विभाग की ओर से आयोजित प्रदर्शनी में उन्होंने अधिकारियों से जानकारी ली। 17 को केंद्रीय शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष प्रस्तुति के संबंध में नगर आयुक्त प्रणय सिंह से जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान अपर मुख्य सचिव नगर विकास डॉ. रजनीश दूबे, विशेष सचिव नगर विकास अनुराग यादव मौजूद रहे।

बदलते बनारस का प्रदर्शन

आयोजन स्थल पर बनारस में हुए विकास मॉडल को विभिन्न प्रदर्शनी के माध्यम से दर्शाया गया है। बेनियाबाग भूमिगत पार्किंग, गोदौलिया, टाउनहाल व कचहरी मल्टी लेवल पार्किंग, सिगरा के रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर, गंगा घाट, क्रूज, छह स्मार्ट वार्डों व साफ-सफाई व्यवस्था को दर्शाया गया है। प्रदर्शनी में स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के मॉडल प्रदर्शित किये जाएंगे। डोर टु डोर कूड़ा उठान समेत स्वच्छ भारत मिशन के तहत अन्य गतिविधियों की प्रस्तुति होगी।