नई दिल्ली, 6 दिसंबर (आईएएनएस)। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने शुक्रवार को कहा कि अब तक 44 कीटनाशकों के आयात, उत्पादन और बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।

उन्होंने सदन को बताया कि दो कीटनाशकों का उत्पादन केवल निर्यात के लिए किया जाना प्रतिबंधित है और आठ कीटनाशक वापस ले लिए गए हैं और अब कृषि में उपयोग नहीं किए जा रहे हैं।

मंत्री ने यह भी कहा कि 18 कीटनाशकों के पंजीकरण को नकारा गया है, नौ को उपयोग के लिए प्रतिबंधित किया गया है और छह को 31 दिसंबर 2020 तक बंद कर दिया जाएगा।

मंत्री खेती में खतरनाक रसायनों और कीटनाशकों के उपयोग पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता विजयपाल सिंह तोमर के सवालों का जवाब दे रहे थे।

विजयपाल सिंह ने मंत्री से सवाल किया था कि क्या सरकार या किसी एजेंसी ने कृषि में खतरनाक रसायनों और कीटनाशकों के इस्तेमाल से किसानों की मौत पर कोई सर्वेक्षण किया है, जिससे मानव स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ता है।

उन्होंने यह भी जानना चाहा कि क्या सरकार ने ऐसे रसायनों पर प्रतिबंध लगाया या प्रतिबंध लगाने पर विचार किया है, जो उन किसानों के स्वास्थ्य को गंभीर रूप से प्रभावित और नुकसान पहुंचा सकते हैं।

जवाब में मंत्री ने कहा, कृषि, सहकारिता और किसान कल्याण विभाग द्वारा कोई सर्वेक्षण नहीं किया गया है। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद और आंध्र प्रदेश, गोवा, हरियाणा, कर्नाटक, महाराष्ट्र, पंजाब, केरल, गुजरात, मेघालय, मणिपुर, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना और तमिलनाडु की राज्य सरकारों ने भी यह रिपोर्ट दी है कि ऐसा कोई सर्वेक्षण नहीं किया गया है।

–आईएएनएस