गाज़ियाबाद: कोरोना वायरस क्राइसिस के बीच सरकारी अमलों की तरह ही सिविल डिफेंस भी ताल ठोंक कर लोगों की मदद के लिए मैदान में उतर आया है। सिविल डिफेंस लॉक डाउन के बाद झुग्गियों में रहने वाले गरीब और मजबूर तबके के लोगों को खाने की चीज़ें मुहैया करा रहा है। सिविल डिफेंस प्रतिदिन 5 से 6 हज़ार लोगों को खाना मुहैया करा रहा है। खाने के पैकेट के अलावा बिस्किट और खाना बनाने के लिए राशन का सामान जैसे आटा, दाल, चावल, नमक और तेल भी बाटा जा रहा है। सिविल डिफेंस गाज़ियाबाद के डिप्टी चीफ वॉर्डन अनिल अग्रवाल ने बताया कि पिछले 4 दिनों से सिविल डिफेंस अपने प्रयास से प्रतिदिन खाने के 5 से 6 हज़ार पैकेट गरीब लोगों को वितरित कर रहा है और आज से झुग्गियों में रहने वाले मजदूरों को राशन किट का वितरण शुरू किया गया है। सिविल डिफेंस का लक्ष्य प्रतिदिन 3000 किट बाटने का है। एक किट में पांच किलो आटा, एक किलो चावल, एक किलो दाल, आधा किलो रिफाइंड, नमक का पैकेट, और ढाई किलो आलू रखा गया है जो कि लगभग 15 दिन की ज़रूरत को पूरा कर पायेगी। सिविल डिफेंस के चीफ वार्डन ललित जायसवाल का कहना है कि अब सिविल डिफेंस के इस सोशल वर्क में अन्य सामाजिक संगठन और प्रतिष्ठित सामाजिक लोग भी हिस्सेदारी निभा रहे हैं, जिन्हें सिविल डिफेंस को-ऑर्डिनेट कर रहा है। उन्होंने कहा कि सिविल डिफेंस चाहता है कि क्राइसिस के इस दौर में कोई भी शख्स भूखा न सोए।