लखीमपुर हिंसा के बाद किसानों से मिलने जा रहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को कल सुबह साढ़े चार बजे सीतापुर में हिरासत में ले लिया था। वह अब भी पुलिस हिरासत में हैं। इस बीच मंगलवार की सुबह उन्होंने एक ट्वीट कर 28 घंटे से ज्यादा वक्त तक हिरासत में रखे जाने पर सवाल उठाया। उधर, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने अपनी बहन के समर्थन में ट्वीट किया है। राहुल ने प्रियंका को सच्ची कांग्रेसी बताते हुए लिखा कि-वह डरने वाली नहीं हैं।
गलवार को पहला ट्वीट प्रियंका गांधी का सुबह 8:18 बजे आया। इस ट्वीट में लखीमपुर में किसानों को जीप से रौंदे जाने का कथित वीडियो शेयर करते हुए उन्होंने लिखा-@narendramodi जी आपकी सरकार ने बग़ैर किसी ऑर्डर और FIR के मुझे पिछले 28 घंटे से हिरासत में रखा है। अन्नदाता को कुचल देने वाला ये व्यक्ति अब तक गिरफ़्तार नहीं हुआ। क्यों? प्रियंका के इस ट्वीट को तुरंत ही कांग्रेसियों ने रीट्वीट और लाइक करना शुरू कर दिया।
मंगलवार सुबह 9:17 बजे दूसरा ट्वीट कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने किया। उन्होंने अपनी बहन प्रियंका गांधी को सच्ची कांग्रेसी बताते हुए लिखा- जिसे हिरासत में रखा है, वो डरती नहीं है- सच्ची कांग्रेसी है, हार नहीं मानेगी! सत्याग्रह रुकेगा नहीं। #FarmersProtest।
गौरतलब है कि राहुल गांधी ने प्रियंका के समर्थन में सोमवार को भी एक ट्वीट किया था। उस ट्वीट में उन्होंने लिखा था- प्रियंका, मैं जानता हूँ तुम पीछे नहीं हटोगी- तुम्हारी हिम्मत से वे डर गए हैं। न्याय की इस अहिंसक लड़ाई में हम देश के अन्नदाता को जिता कर रहेंगे। #NoFear #लखीमपुर_किसान_नरसंहार।
रॉबर्ड वाड्रा ने जताई थी चिंता
प्रियंका गांधी को हिरासत में लिए जाने पर सोमवार को उनके पति रॉबर्ट वाड्रा की प्रतिक्रिया भी सामने आई थी। मीडियाकर्मियों से बातचीत में वाड्रा ने कहा था कि यूपी में बीजेपी की सरकार है। इसका मतलब यह नहीं है कि वे कुछ भी करेंगे। रॉबर्ट वाड्रा ने कहा कि यूपी के लखीमपुर में जो कुछ हुआ है वो कोई सामान्य घटना नहीं है। इस घटना से पूरे देश में आक्रोश है। आरोप लगा है कि विरोध कर रहे किसानों पर केंद्रीय मंत्री के बेटे ने कार चढ़ा दी। सरकार को इस मामले में कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। दोषियों को बख्शा नहीं जाना चाहिए। साथ ही जान गंवाने वाले किसानों की पूरी मदद होनी चाहिए। सरकार और आम लोग, सभी को किसानों की मदद करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी पीड़ित परिवारों से मिलने गई हैं और मिलकर रहेंगे। सरकार को उन्हें रोकना नहीं चाहिए। उन्होंने कहा कि एक तरफ आप महिला सुरक्षा की बात करते हैं लेकिन जिस तरीके से महिला के साथ बर्ताव कर रहे हैं वो ठीक नहीं है।
गेस्ट हाउस में झाड़ू लगाती नज़र आईं प्रियंका
हिरासत में लिए जाने के बाद प्रियंका गांधी को सीतापुर के जिस PAC बटालियन के गेस्टहाउस में रखा गया वहां उनकी सफाईगिरी सामने आई। प्रियंका गेस्ट हाउस के कमरे में अपने हाथों से झाड़ू लगाती नज़र आईं। 42 सेकेंड का ये वीडियो कांग्रेस के ट्विटर हैंडल से हैशटैग लखीमपुर, हैशटैग किसान और हैशटैग लखीमपुर खीरी के साथ ट्वीट किया गया है। इसके साथ ही पार्टी की ओर से लिखा गया है-संघर्ष की तस्वीर….सीतापुर के इसी गेस्टहाउस में श्रीमती प्रियंका गांधी को हिरासत में रखा गया है।
आज प्रदेश व्यापी प्रदर्शन की तैयारी में कांग्रेस
प्रियंका गांधी और राहुल गांधी के इन ट्वीट के अलावा कांग्रेस आज प्रदेश व्यापी प्रदर्शन की तैयारी में है। कल भी कांग्रेसियों ने सीतापुर सहित प्रदेश के कई जिलों में प्रदर्शन कर प्रियंका गांधी को हिरासत में लिए जाने का विरोध किया था।