
ट्विटर के को-फाउंडर जैक डोर्सी ने कंपनी के CEO पद से इस्तीफा दे दिया है। उनकी जगह पर पराग अग्रवाल कंपनी के नए CEO होंगे। वे अब तक कंपनी में चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर के पद पर थे। उन्होंने 10 साल पहले कंपनी जॉइन की थी। 37 साल के पराग ने इसे सम्मान की बात बताया है।
टॉप 500 कंपनियों के सबसे युवा CEO बने
37 साल के पराग अब दुनिया की टॉप 500 कंपनियों के सबसे युवा CEO बन गए हैं। ट्विटर ने उनकी डेट ऑफ बर्थ जाहिर नहीं की है, लेकिन यह बताया है कि उनका जन्म 1984 में हुआ था। उनका जन्मदिन फेसबुक के CEO मार्क जुकरबर्ग के जन्मदिन 14 मई के बाद ही आता है।
IIT बॉम्बे से पढ़ाई करने वाले पराग अग्रवाल स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी से डॉक्टरेट भी हैं। ट्विटर ने 2018 में उन्हें एडम मेसिंजर की जगह चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर बनाया था। ट्विटर से पहले पराग माइक्रोसॉफ्ट रिसर्च और याहू के साथ काम कर चुके हैं।