गाजियाबाद: त्योहारी सीजन में दिवाली और भैया दूज के बाद अब उत्तर प्रदेश सड़क परिवहन निगम यानी रोडवेज ने बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के महापर्व यानी छठ पूजा की तैयारियों में जुट गया है। रोडवेज छठ पूजा के पर्व को नज़र में रखते हुए लंबी दूरी के लिए करीब 200 अतिरिक्त बसों का संचालन करेगा। रोडवेज ने 70 बसे गोरखपुर के लिए भेज दी है। गोरखपुर के अलावा अन्य शहरों के लिए बसें चलाई जाएंगी। लोकल रूट की बसों को हटाकर डिमांड के अनुसार लंबी दूरी के रूटों पर संचालित की जाएगी। गाजियाबाद रोडवेज के आरएम अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि छठ पूजा के लिए यात्री अपने घर जाने लगे हैं, जिसको देखते हुए करीब 200 अतिरिक्त बसों का संचालन शुरू कर दिया गया है।

गोरखपुर के लिए 70 बसें भेजी गई हैं। वहीं कौशांबी और आनंद विहार से आगरा, कानपुर, लखनऊ, गोरखपुर आदि रूटों पर अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। आने वाली 2 नवंबर को छठ पूजा पर्व है और यात्रियों को घर जाने के लिए बस अड्डों पर पर्याप्त बसें मिल सके। इसलिए छठ पूजा पर बसों का संचालन शुरू कर दिया गया। रोडवेज और अनुबंधित बसों को मिलाकर रीजन की करीब 999 बसों का संचालन किया जा रहा है। करीब 200 बसें अब छठ पूजा पर्व को दृष्टिगत रखते हुए संचालित कर दी गई हैं। ताकि यात्रियों को बसों को लेकर कोई परेशानी न हो। गाजियाबाद रीजन में आनंद विहार, कौशांबी, साहिबाबाद, लोनी, पुराना बस अड्डा, हापुड़, सिकन्द्राबाद, खुर्जा और बुलंदशहर डिपो से अतिरिक्त बसें मिल सकेंगी। ये अतिरिक्त बसें लखनऊ, इलाहाबाद, बदायुं, आगरा, मथुरा, बरेली, शाहजहांपुर आदि शहरों के लिए चलाई गई हैं।