कानपुर जिले के भीटी हवेली गांव बिल्हौर में पूर्व प्रधान शिव प्रकाश उर्फ सिंपल कटियार (45) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उसका किसी परिवार के सदस्य से झगड़ा हुआ था। ग्रामीणों के मुताबिक उसी सदस्य ने गोली मारकर पूर्व प्रधान की हत्या कर दी। पूर्व प्रधान को रीजेंसी लाया गया। वहां से हैलट ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने इस मामले में किसी पर आरोप नहीं लगाया है। वहीं पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। भीटी हवेली गांव में पूर्व प्रधान शिव प्रकाश उर्फ सिंपल के पास भट्ठा और घर सहित काफी जमीन है। वह खुद पत्नी और दो बच्चों के साथ कानपुर में गुरुदेव पैलेस के पास किराए के मकान में रहता था और गांव आता-जाता था।
बुधवार को भी वह गांव गया हुआ था। वहां पर उसने अपने घर में कुछ दोस्तों को शराब और खाने की दावत दी थी। ग्रामीणों के मुताबिक इसी पार्टी में उसका एक पारिवारिक सदस्य से झगड़ा हुआ। इस पर पूर्व प्रधान ने थप्पड़ मार दिया और पारिवारिक सदस्य ने पूर्व प्रधान को गोली मार दी। गोली उसके पेट में लगी।
पूर्व प्रधान के दोस्त घटना के बाद उसे सीधे रीजेंसी अस्पताल कानपुर ले आए। यहां से डाक्टरों ने उसे हैलट रेफर कर दिया। वहां डाक्टरों ने पूर्व प्रधान को मृत घोषित कर दिया। पूर्व प्रधान की पत्नी चंचली कटियार की तरफ से स्वरूप नगर थाने में पति के गोली लगने और फिर मौत हो जाने की सूचना देते हुए पोस्टमार्टम कराने का पत्र दिया गया है।
किसी पर आरोप नहीं
बिल्हौर इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार शर्मा ने कहा, ‘परिजनों ने किसी पर आरोप नहीं लगाया है। वह जो तहरीर देंगे उसी के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। एक पारिवारिक सदस्य के गोली मारने की बात सामने आई है। वह फरार भी है। अगर तहरीर अज्ञात में दी जाती है तो कॉल डिटेल रिपोर्ट निकलवाई जाएगी। उसके आधार पर आरोपित की तलाश होगी।’