सिद्धार्थ शुक्ला के निधन के बाद से उनका परिवार शोक में डूबा है। मां और बहन का रो-रोकर बुरा हाल है। ऐक्टर सिद्धार्थ शुक्ला ने 2 सितंबर यानी गुरुवार को 40 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया। मुंबई के कूपर अस्पताल पहुंचने से पहले ही सिद्धार्थ शुक्ला का हार्ट अटैक से निधन हो चुका था। सिद्धार्थ शुक्ला के इस तरह से निधन से फैमिली के साथ ही पूरी इंडस्ट्री में शोक में डूब गई। किसी को भरोसा नहीं हो रहा है कि सिद्धार्थ शुक्ला अब हमारे बीच नहीं हैं।
सिद्धार्थ शुक्ला की फैमिली के बारे में बात करें तो उनके परिवार में उनकी मां और दो बहन हैं। सिद्धार्थ शुक्ला मुंबई के एक ब्राह्मण परिवार में पैदा हुए थे। सिद्धार्थ शुक्ला जब मॉडलिंग कर रहे थे, तब उनके पिता अशोक शुक्ला का लंग्स की बीमारी के कारण निधन हो गया था। सिद्धार्थ शुक्ला की मां रीता शुक्ला गृहणी हैं। वहीं, उनकी दो बहन भी हैं। ऐक्टर के अचानक दुनिया छोड़कर चले जाने से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।


सिद्धार्थ शुक्ला टीवी की दुनिया का जाना-पहचाना चेहरा थे। पॉप्युलर रियलिटी शो ‘बिग बॉस 13’ की ट्रॉफी अपने नाम करने के बाद सिद्धार्थ शुक्ला और भी ज्यादा मशहूर हो गए थे। ‘बिग बॉस 13’ को दौरान सिद्धार्थ शुक्ला और शहनाज गिल की केमिस्ट्री को लोगों ने खूब पसंद किया। शो के बाद भी दोनों अक्सर साथ नजर आते थे। हाल ही में सिद्धार्थ शुक्ला और शहनाज गिल एक साथ ‘बिग बॉस ओटीटी’ में पहुंचे थे।
सिद्धार्थ शुक्ला के निधन की जानकारी मिलते ही उनके फैंस काफी दुखी हो गए। फैंस ने सोशल मीडिया के जरिए अपने फेवरिट ऐक्टर को श्रद्धांजलि दी है। वहीं, टीवी और फिल्म इंडस्ट्री के सेलिब्रिटीज भी सिद्धार्थ शुक्ला के निधन पर दुख जता रहे हैं।