गोरखपुर जिले की चिल्लूपार विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी एवं पूर्व मंत्री राजेश त्रिपाठी के जनसंपर्क के दौरान कौड़िया गांव में गुरुवार की रात दो दर्जन से ज्यादा लोगों ने अभद्रता व गाली गलौज किया। आरोप है कि उन लोगों ने भाजपा नेताओं और प्रत्याशियों के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे भी लगाए। सूचना के बाद मौके पर सीओ गोला भी पहुंच गए। भाजपा प्रत्याशी की तहरीर पर छह नामजद सहित 12 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।

भाजपा प्रत्याशी राजेश त्रिपाठी कौड़िया गांव में गुरुवार की रात 7.30 बजे जनसंपर्क के लिए गए थे। इस दौरान साथी कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं प्रत्याशी राजेश त्रिपाठी के समर्थन में नारे लगा रहे थे। आरोप है कि पूर्व जिला पंचायत सदस्य भरत यादव के मकान के पास अचानक 20-25 की संख्या में लोग एक पार्टी विशेष का नारा लगाते हुए लोग एकत्र हो गए। 

राजेश का काफिला भरत यादव के यहां से दलित बस्ती की ओर बढ़ चला। दल विशेष का नारा लगाते लोग कुछ दूर तक उनके पीछे पीछे चले। दलित बस्ती से निकलने का कोई और रास्ता न होने के कारण राजेश का काफिला पुन: भरत यादव के दरवाजे से होकर लौटने लगा तो उनके पड़ोस में स्थित लोगों ने रास्ता रोककर भाजपा प्रत्याशी व उनके समर्थकों के साथ अभद्रता करना शुरू कर दिया। उन लोगों ने भाजपा नेताओं के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे भी लगाए। आरोप है कि गाली गलौज करने वालों के हाथों में लाठी-डंडे भी थे। राजेश को मिले दोनों सुरक्षाकर्मी आगे बढ़े तो उन्हें रास्ता मिला। इसके बाद भाजपा प्रत्याशी राजेश त्रिपाठी ने गोला थाने में तहरीर दी। 

छह नामजद सहित 12 लोगों पर केस

पूर्व मंत्री राजेश त्रिपाठी ने गोला थाने में 6 नामजद और 12 अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने विवेकानंद यादव, जगमोहन यादव, धर्मदेव यादव, राहुल यादव, शत्रुघ्न यादव, विजय यादव को नामजद किया है। गोला कोतवाल राहुल सिंह ने बताया कि धारा 147, 323, 504 व 506 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। विवेचना के आधार पर और धाराएं बढ़ सकती हैं।